भूमाफिया मालामाल, रहवासी बदहाल… बारिश में अहमद नगर बना कीचड़ का नरक
प्लॉट बेचकर कॉलोनी छोड़ गए कॉलोनाइजर, अब सड़क के इंतजार में वर्षों से नारकीय जीवन जी रहे लोग

भूमाफिया मालामाल, रहवासी बदहाल… बारिश में अहमद नगर बना कीचड़ का नरक
प्लॉट बेचकर कॉलोनी छोड़ गए कॉलोनाइजर, अब सड़क के इंतजार में वर्षों से नारकीय जीवन जी रहे लोग

कटनी, यशभारत। बारिश ने एक बार फिर नगर निगम के दावों और अवैध कॉलोनियों की हकीकत उजागर कर दी है। राम मनोहर लोहिया वार्ड क्रमांक-5 का अहमद नगर इन दिनों कीचड़ का समंदर बना हुआ है। मुख्य सड़क सहित अधिकांश गलियां दलदल में तब्दील हैं। हालात इतने बदतर हैं कि पैदल चलना भी चुनौती बन गया है, जबकि स्कूली बच्चे रोज इसी रास्ते से होकर गुजरने को मजबूर हैं।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर इस बदहाली का जिम्मेदार कौन है? वे भूमाफिया, जिन्होंने बिना मूलभूत सुविधाएं विकसित किए प्लॉट बेचकर करोड़ों रुपये कमा लिए, या फिर नगर निगम, जिसने वर्षों बीत जाने के बाद भी नागरिकों को सड़क जैसी बुनियादी सुविधा उपलब्ध नहीं कराई। अवैध कॉलोनियां बसती रहीं, लोगों से मोटी रकम वसूली जाती रही और बाद में पूरी जिम्मेदारी नगर निगम के भरोसे छोड़ दी गई। आज इसकी कीमत आम नागरिक चुका रहे हैं।
अहमद नगर में सीवर लाइन का कार्य पूरा हो चुका है और कुछ स्थानों पर नाले का निर्माण भी हो गया है, लेकिन सड़क निर्माण आज तक शुरू नहीं हो सका। नतीजा यह है कि बारिश होते ही पूरी कॉलोनी कीचड़ से भर जाती है। घरों से निकलना मुश्किल हो जाता है और दोपहिया वाहन फिसलकर दुर्घटना का कारण बन रहे हैं।
सबसे अधिक परेशानी छोटे-छोटे स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को उठानी पड़ रही है। मासूम बच्चे रोज कीचड़ से होकर स्कूल जाने को मजबूर हैं, जबकि बुजुर्ग और महिलाएं गिरने के डर से घरों में कैद रहने को विवश हैं। सवाल यह भी है कि यदि इसी रास्ते में कोई गंभीर हादसा हो जाए तो उसकी जिम्मेदारी कौन लेगा?
यह केवल अहमद नगर की कहानी नहीं है। शहर में ऐसी कई अवैध कॉलोनियां हैं, जहां भूमाफियाओं ने प्लॉट बेचकर करोड़ों कमाए, लेकिन सड़क, बिजली, नाली और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराईं। वर्षों बाद भी इन कॉलोनियों के रहवासी नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं और नगर निगम के दफ्तरों के चक्कर काट रहे हैं।
अब सवाल यह है कि नगर निगम केवल सीवर और नाले बनाकर अपनी जिम्मेदारी पूरी मान लेगा या फिर नागरिकों को पक्की सड़क भी मिलेगी? अहमद नगर के रहवासियों ने मांग की है कि सड़क निर्माण तत्काल शुरू किया जाए। यदि अब भी जिम्मेदार नहीं जागे, तो हर बारिश इन कॉलोनियों की बदहाली और प्रशासनिक उदासीनता की नई तस्वीर पेश करती रहेगी।







