शीतल हाइट्स कॉलोनी में पहुंचे सीपी संजय कुमार, नागरिकों से की चर्चा

शीतल हाइट्स कॉलोनी में पहुंचे सीपी संजय कुमार, नागरिकों से की चर्चा
भोपाल, यशभारत। राजधानी के मिसरोद थाना क्षेत्र अंतर्गत शीतल हाइट्स कॉलोनी में पुलिस आयुक्त संजय कुमार द्वारा नागरिकों के साथ जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रीय निवासियों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।
जनसंवाद के दौरान कॉलोनी के निवासियों ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से किरायेदारों, घरेलू सहायकों तथा अन्य नए निवासियों के पुलिस सत्यापन को अनिवार्य करने की मांग की। नागरिकों ने इस सत्यापन प्रक्रिया की सही जानकारी और दिशा-निर्देश उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।
नागरिकों की मांगों पर प्रतिक्रिया देते हुए सीपी संजय कुमार ने पुलिस सत्यापन के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने बताया कि अपराध नियंत्रण और कॉलोनी की सुरक्षा के दृष्टिकोण से प्रत्येक किराएदार एवं कर्मचारी का सत्यापन बेहद जरूरी है।
उन्होंने बताया कि नागरिक सत्यापन के लिए ऑफलाइन एवं ऑनलाइन दोनों माध्यमों का उपयोग कर सकते हैं। ऑफलाइन प्रक्रिया के तहत मिसरोद थाने से फॉर्म प्राप्त कर या वेबसाइट से डाउनलोड कर आवश्यक दस्तावेजों के साथ जमा किया जा सकता है। वहीं, नागरिक एमपी पुलिस के सिटीजन पोर्टल या मोबाइल ऐप के माध्यम से घर बैठे भी ऑनलाइन सत्यापन के लिए आवेदन कर सकते हैं।
पुलिस प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे सुरक्षागत कारणों से बिना सत्यापन के किसी भी व्यक्ति को किराए पर मकान न दें और न ही घरेलू सहायक के रूप में रखें।







