
जबलपुर,यश भारत।शहर के प्रमुख व्यापारिक क्षेत्र गलगला चौक पर रविवार को ई-रिक्शों की बेतरतीब आवाजाही और सड़क किनारे वाहनों की पार्किंग के कारण यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित रही। संकरी सड़कों पर आड़े-तिरछे वाहन खड़े होने से पैदल राहगीरों के लिए भी रास्ता बाधित हो गया। सैकड़ों दोपहिया वाहन चालक, खरीदार और स्थानीय व्यापारी घंटों जाम में फंसे रहे। मौके पर यातायात पुलिस की मौजूदगी नहीं होने और चौराहे पर सिग्नल व्यवस्था के अभाव ने परेशानी बढ़ा दी।
गलगला बाजार में खरीदारी के लिए पहुंचने वाले लोग सड़क किनारे वाहन खड़े कर देते हैं। दूसरी ओर, सवारी लेने की होड़ में ई-रिक्शा चालक बीच सड़क और चौराहे पर ही वाहन रोक देते हैं। इससे सड़क पर वाहनों की आवाजाही के लिए जगह कम पड़ जाती है। लोडिंग वाहनों की बेतरतीब आवाजाही से भी यातायात दबाव बढ़ जाता है और कई बार आपातकालीन वाहनों के लिए भी रास्ता नहीं बचता।
नियमित पुलिस तैनाती और तय स्टॉपेज की मांग…
स्थानीय नागरिकों के अनुसार गलगला चौक पर जाम की समस्या केवल रविवार की नहीं है। सुबह से शाम तक यहां अक्सर इसी तरह के हालात बने रहते हैं। नागरिकों ने प्रमुख मोड़ों पर यातायात पुलिस की नियमित तैनाती, ई-रिक्शों के लिए निर्धारित स्टॉपेज और तय रूट व्यवस्था लागू करने की मांग की है। उनका कहना है कि स्थायी यातायात योजना बनाकर ही रोजाना लगने वाले जाम से राहत मिल सकती है।






