सीएचसी में लापरवाही पर कलेक्टर का एक्शन: दो अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस, व्यवस्थाएं सुधारने के सख्त निर्देश

मंडला। कलेक्टर राहुल नामदेव धोटे ने घुघरी एसडीएम कार्यालय एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घुघरी का निरीक्षण किया। सर्वप्रथम कलेक्टर ने एसडीएम कार्यालय में न्यायालयीन प्रकरणों की समीक्षा करते हुए विभिन्न लंबित प्रकरणों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने लंबित मामलों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कार्यालयीन व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण को लेकर भी निर्देशित किया। इसके पश्चात कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घुघरी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बीएमओ डॉ. नीलेश झा द्वारा बताया गया कि बुधवार को ओपीडी में 84 मरीजों का उपचार किया गया।
निरीक्षण के दौरान सीएचसी भवन का निर्माण कार्य 25 प्रतिशत पूर्ण होने एवं हैंडओवर में विलंब पाए जाने पर कलेक्टर ने डीएचएस से इंजीनियर श्री राजेश डोंगरे को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए तथा विलंब के संबंध में स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने को कहा। कलेक्टर ने अस्पताल के स्टोर का निरीक्षण किया। रिकॉर्ड में दर्ज दवाइयों एवं वास्तविक उपलब्ध दवाइयों में अंतर पाए जाने पर स्टोर प्रभारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने दवा भंडारण एवं अभिलेखों का नियमित संधारण सुनिश्चित करने को कहा। कलेक्टर श्री धोटे ने अस्पताल परिसर एवं विशेष रूप से मातृत्व वार्ड में स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने आयुष्मान कार्ड नियमित रूप से बनाए जाने पर जोर देते हुए एसडीएम श्री सचिन जैन को समय-समय पर निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।






