दो दिन में उद्यम आधार पंजीयन पूरा करें, 15 दिन में भेजें लंबित प्रस्ताव

जबलपुर, यश भारत। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लक्ष्यों को समय पर पूरा करने के लिए जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक गहलोत ने अधिकारियों को सख्त समय-सीमा तय करते हुए निर्देश दिए हैं। गुरुवार को आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने मझौली और सिहोरा की शेष ग्राम पंचायतों में दो दिन के भीतर उद्यम आधार पंजीयन पूरा करने और बैंक लिंकेज के प्रथम चरण के प्रकरणों को प्राथमिकता से स्वीकृत कराने को कहा। साथ ही आरएफ (रिवॉल्विंग फंड) और सीआईएफ (सामुदायिक निवेश निधि) के लंबित प्रस्ताव 15 दिन के भीतर भेजने के निर्देश दिए।
बैठक में स्व-सहायता समूहों के भौतिक सत्यापन, नियमित बैठकें, सार्थक ऐप पर फोटो सहित जानकारी अपलोड करने तथा लोकोस पोर्टल पर ई-केवाईसी, फेस ऑथेंटिकेशन, मोबाइल नंबर और बैंक खाते की जानकारी अपडेट करने की प्रगति की भी समीक्षा की गई। सीईओ ने कुंडम, शहपुरा और सिहोरा में पात्र परिवारों को स्व-सहायता समूहों से जोड़ने, लंबित बैंक खाते खुलवाने और मध्याह्न भोजन योजना से जुड़े शेष समूहों को राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन में शामिल करने के निर्देश दिए।
उन्होंने लखपति इनिशिएटिव योजना के तहत लंबित डिजिटल आजीविका रजिस्टर की प्रविष्टियां 31 जुलाई तक पूरी करने और सभी मिशन कर्मियों की सार्थक ऐप के माध्यम से उपस्थिति सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। बैठक में ग्रामीण विकास मंत्रालय और राज्य इकाई दल के हालिया भ्रमण के दौरान दिए गए सुझावों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।







