मौत के बाद मिली पदोन्नति! पुलिस मुख्यालय की सूची में मृत महिला एएसआई का नाम
सत्यापन व्यवस्था पर उठे सवाल

जबलपुर यशभारत। पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी एएसआई पदोन्नति सूची में एक चौंकाने वाली लापरवाही सामने आई है। सूची के क्रमांक 529 पर ऐसी महिला एएसआई का नाम शामिल है, जिनका पहले ही निधन हो चुका है। मामला सामने आने के बाद सत्यापन प्रक्रिया और विभागीय रिकॉर्ड अपडेट करने की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
उल्लेखनीय है पुलिस मुख्यालय द्वारा हाल ही में जारी सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) पदोन्नति सूची में बड़ी प्रशासनिक चूक उजागर हुई है। जारी सूची के क्रमांक 529 पर उस महिला एएसआई का नाम शामिल है, जिनका 1 मई 2026 को हो गया है निधन हो चुका है। जानकारी के अनुसार प्रेमलता ठाकुर महिला एएसआई नरसिंहपुर जिले में पदस्थ रही थीं।सूची सार्वजनिक होने के बाद पुलिस महकमे में इस मामले को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। कर्मचारी और अधिकारी यह सवाल उठा रहे हैं कि जब संबंधित अधिकारी का निधन हो चुका था, तो उनका नाम पदोन्नति सूची तक कैसे पहुंच गया। इससे साफ संकेत मिलता है कि पदोन्नति से पहले सेवा अभिलेखों और कर्मचारियों की वर्तमान स्थिति का समुचित सत्यापन नहीं किया गया।
इस घटना ने पुलिस मुख्यालय की सत्यापन प्रक्रिया और रिकॉर्ड संधारण व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। कर्मचारियों का कहना है कि यदि समय रहते रिकॉर्ड का मिलान और सत्यापन किया जाता, तो ऐसी स्थिति उत्पन्न नहीं होती। विभागीय स्तर पर इसे गंभीर प्रशासनिक लापरवाही माना जा रहा है।अब उम्मीद की जा रही है कि पुलिस मुख्यालय इस मामले का संज्ञान लेकर पदोन्नति सूची में आवश्यक संशोधन करेगा तथा भविष्य में ऐसी त्रुटियों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सत्यापन प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाएगा। यह मामला इस बात का भी संकेत है कि विभागीय अभिलेखों को नियमित रूप से अद्यतन करना कितना आवश्यक है, ताकि ऐसी असहज और शर्मनाक स्थितियों से बचा जा सके।







