भोपालमध्य प्रदेश

भोपाल में बारिश से जलस्रोतों को राहत, डैमों का जलस्तर बढ़ा

भोपाल में बारिश से जलस्रोतों को राहत, डैमों का जलस्तर बढ़ा

20 से 24 अगस्त के बीच बारिश बढ़ने के संकेत, बड़ा तालाब समेत प्रमुख जलस्रोतों पर नजर

भोपाल, यश भारत । प्रदेश में अब तक सामान्य से 11 प्रतिशत कम बारिश के बावजूद भोपाल में हाल की बारिश से प्रमुख जलस्रोतों को राहत मिली है। प्रदेश में अब तक 599 मिमी यानी 23.6 इंच पानी गिरा है, जबकि सामान्य आंकड़ा 26.6 इंच है। मौसम विशेषज्ञ के अनुसार 20 से 24 अगस्त के बीच बारिश की गतिविधियां मध्य और पश्चिमी मध्य प्रदेश में बढ़ सकती हैं।
राजधानी के बड़े तालाब, भदभदा, कलियासोत, केरवा और कोलार डैम पर बारिश का सीधा असर दिखाई दे रहा है। 10 अगस्त की भारी बारिश के बाद कलियासोत में करीब एक फीट, केरवा में तीन फीट और कोलार डैम में करीब एक फीट पानी बढ़ने की जानकारी सामने आई थी।

बड़ा तालाब: भोपाल की लाइफलाइन माने जाने वाले बड़े तालाब में सीहोर क्षेत्र से आने वाली कोलांस नदी के कारण पानी की आवक बढ़ती है। अगस्त में अच्छी बारिश होने पर इसका जलस्तर तेजी से बढ़ता है।
भदभदा डैम: बड़े तालाब का जलस्तर बढ़ने पर अतिरिक्त पानी भदभदा से होकर कलियासोत की ओर जाता है। यानी बड़े तालाब के भराव का सीधा असर भदभदा और इसके बाद कलियासोत पर पड़ता है।

कलियासोत डैम: भदभदा से छोड़ा गया पानी कलियासोत में पहुंचता है। हाल की तेज बारिश में इसके जलस्तर में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। अधिक जलभराव की स्थिति में यहां भी पानी की निकासी की जरूरत पड़ सकती है।
केरवा डैम: केरवा में भी बारिश के बाद पानी की अच्छी आवक हुई है। अगस्त की आगामी बारिश इस जलाशय के लिए महत्वपूर्ण रहेगी।

कोलार डैम: भोपाल की जलापूर्ति के लिहाज से महत्वपूर्ण कोलार डैम में भी हाल की बारिश से जलस्तर बढ़ा है। हालांकि जलाशय की स्थिति पूरी तरह मानसून के आगामी दौर पर निर्भर करेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button