खाकी पर दाग: टीआई पर मारपीट-वसूली का आरोप, युवक 48 घंटे से लापता : एएसपी ने कहा – मामले की होगी जांच…देखे पूरा वीडियो

नरसिंहपुर। गोटेगांव थाना प्रभारी पर वर्दी की मर्यादा तार-तार करने का आरोप लगा है। चाय की दुकान से उठाकर लाए गए एक युवक को थाने की कोठरी में बंद कर बेरहमी से पीटा गया। 17 हजार रुपये और मोबाइल छीनने के बाद 4 लाख की मांग की गई। इसके बाद से युवक 48 घंटे से गायब है।मामला सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
आज़ाद वार्ड निवासी चन्द्रिका राय ने कलेक्टर जनसुनवाई में सनसनीखेज शिकायत सौंपी। उन्होंने बताया कि 17 जुलाई को बेटा दीपक राय अनुपम मॉल के सामने चाय पी रहा था। तभी गोटेगांव थाना टीआई अपने 4 साथियों के साथ पहुंचे और दीपक को धक्के मारकर पुलिस वाहन में ठूंसकर थाने ले गए।
शिकायत के मुताबिक थाने के पीछे बनी पुरानी कोठरी, जो सीसीटीवी की जद से बाहर है, वहां ले जाकर दीपक के साथ बेरहमी से मारपीट की गई। जेब में रखे 17,000 रुपये और मोबाइल भी पुलिसकर्मियों ने रख लिए।
पिता का आरोप है कि जब वे बेटे को छुड़ाने पहुंचे तो पुलिस ने साफ मुकर दिया। रात 10 बजे कोरे स्टांप पर दस्तखत कराकर 4 लाख रुपये मांगे गए। दूसरे दिन फिर बुलाकर रकम न देने पर “झूठे केस में फंसा देंगे” की धमकी दी गई।
18 जुलाई से दीपक घर नहीं लौटा। परिजन दर-दर भटक रहे हैं। इसके पहले भी पूर्व में थाना प्रभारी गोटेगांव प्रदीप सराफ की कारगुजारियों पर सवाल उठने के साथ-साथ यह पैसे लेनदेन वसूली के आरोप पहले भी लग चुके हैं जिसकी शिकायत पुलिस अधीक्षक नरसिंहपुर को की थी लेकिन आज दिनांक तक थाना प्रभारी पर कोई कार्यवाही नहीं की गई है सवाल यहां खड़ा होता है कि जब लगातार सुर्खियों में थाना गोटेगांव प्रभारी पर लगातार आरोप लग रहे हैं तो फिर कार्यवाही ना होना कहीं ना कहीं पुलिस प्रशासन के खिलाफ बड़े सवालिया निशान खड़े हो रहे हैं?
चन्द्रिका राय ने कलेक्टर से निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कार्रवाई और बेटे को सुरक्षित बरामद करने की मांग की है।
इनका कहना…
एडिशनल एसपी संदीप भूरिया ने कहा कि शिकायत मिली है। मामले की जांच कराई जा रही है। दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई होगी।







