
जबलपुर यशभारत।यात्रियों की सुविधा और समयपालन के दावों के बीच रानी कमलापति से चलकर मदन महल आने वाली गाड़ी संख्या 12061 जनशताब्दी एक्सप्रेस का इंजन बनखेड़ी स्टेशन के पास अचानक जवाब दे गया। तकनीकी खराबी के चलते ट्रेन करीब साढ़े तीन घंटे तक प्रभावित रहीऔर मदन महल स्टेशन निर्धारित समय से लगभग 3 घंटे 30 मिनट की देरी से पहुंची। देरी का सबसे ज्यादा खामियाजा उन यात्रियों को भुगतना पड़ा, जिन्हें दूसरी ट्रेनों या बसों से आगे की यात्रा करनी थी।*
उल्लेखनीय है कि जनशताब्दी एक्सप्रेस में सफर कर रहे यात्रियों को बीती रात भारी परेशानी का सामना करना पड़ा, जब ट्रेन का इंजन बनखेड़ी पहुंचते ही तकनीकी खराबी का शिकार हो गया। इंजन में आई खराबी के कारण ट्रेन लंबे समय तक वहीं खड़ी रही। रेलवे के तकनीकी कर्मचारियों ने इंजन को दुरुस्त करने का प्रयास किया, लेकिन ट्रेन का संचालन काफी देर बाद ही सामान्य हो सका।
*यात्रियों की बढ़ी मुश्किलें*
तकनीकी खराबी के चलते जनशताब्दी एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से करीब 3 घंटे 30 मिनट की देरी से मदन महल स्टेशन पहुंची। ट्रेन की देरी के कारण उन यात्रियों की मुश्किलें और बढ़ गईं, जिन्हें आगे की यात्रा के लिए दूसरी ट्रेनों, बसों या अन्य साधनों से कनेक्टिविटी लेनी थी। कई यात्रियों की आगे की ट्रेनें छूट गईं, जबकि कुछ को घंटों स्टेशन पर इंतजार करना पड़ा।
*तकनीकी खराबियों का खामियाजा यात्रियों को ही भुगतना पड़ा*
यात्रियों का कहना था कि रेलवे समयपालन और बेहतर सुविधाओं के बड़े-बड़े दावे करता है, लेकिन तकनीकी खराबियों का खामियाजा आखिरकार आम यात्रियों को ही भुगतना पड़ता है। कई यात्रियों ने रेलवे से मांग की कि ट्रेनों के इंजनों का नियमित और प्रभावी रखरखाव सुनिश्चित किया जाए, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
रेलवे सूत्रों के अनुसार इंजन में आई तकनीकी खराबी के कारण बराझ स्टेशन से रात ही में दूसरा इंजन आया जिसके बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया।
इंजन में आई खराबी के कारण यात्रा का समय बुरी तरह प्रभावित हुआ और यात्रियों को अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ा।यात्रियों का कहना है कि रेलवे को ट्रेनों की तकनीकी जांच और रखरखाव पर विशेष ध्यान देना चाहिए, ताकि सफर सुरक्षित होने के साथ-साथ समय पर भी पूरा हो सके।
*पूर्व में भी इसी जगह आ चुकी है इंजन में खराबी*
इस संबंध में यदि रेलवे सूत्रों की मानें तो पूर्व में भी इसी जगह पर अनेक बार जनशताब्दी ट्रेन के इंजन में खराबी आने के कारण यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा था। इसी जगह पर इंजन में खराबी आने के कारण यात्रियों में अब तरह तरह की चर्चाएं हो रही हैं। बहरहाल जो भी हो बीती रात जिस तरह से यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा उससे एक बार फिर रेलवे की व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।







