ट्विशा मौत मामला: सीबीआई चार्जशीट में खुलासा, प्रेग्नेंसी के बाद बढ़ा विवाद, तानों और प्रताड़ना से टूट गई थी मॉडल

ट्विशा मौत मामला: सीबीआई चार्जशीट में खुलासा, प्रेग्नेंसी के बाद बढ़ा विवाद, तानों और प्रताड़ना से टूट गई थी मॉडल
भोपाल। मॉडल-एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा की मौत के चर्चित मामले में सीबीआई द्वारा कोर्ट में दाखिल 636 पन्नों की चार्जशीट ने वैवाहिक जीवन के कड़वे सच से पर्दा उठा दिया है। जांच रिपोर्ट के मुताबिक, जिस रिश्ते की शुरुआत ऑनलाइन डेटिंग ऐप से होकर दिसंबर 2025 में शादी के मंडप तक पहुंची थी, वह महज चार महीनों में तानों, मानसिक प्रताड़ना और अनियोजित प्रेग्नेंसी के विवाद के चलते खौफनाक अंत की ओर बढ़ गई। 12 मई की रात संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में सीबीआई ने पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह को मुख्य आरोपी बनाते हुए आत्महत्या के लिए उकसाने और दहेज प्रताड़ना का केस मजबूत किया है।
अतीत को लेकर ताने और भाषा पर अपमान
चार्जशीट के अनुसार, शादी के तुरंत बाद से ही समर्थ द्वारा ट्विशा के पुराने संबंधों को लेकर प्रताड़ित किया जाने लगा था। इसके अलावा ट्विशा की आर्थिक स्थिति और अंग्रेजी भाषा को लेकर भी उस पर लगातार छींटाकशी की जाती थी। मार्च 2025 से डीएडीबी कंपनी में कार्यरत ट्विशा की सैलरी सितंबर में कंपनी का संचालन रुकने के कारण अटक गई थी, जिसके बाद ससुराल पक्ष का रवैया और ज्यादा कड़ा हो गया। जब भी ट्विशा अपनी सास से शिकायत करतीं, वे बेटे का ही पक्ष लेकर उसे मानसिक रूप से और तोड़ देती थीं।
अप्रैल में अनियोजित प्रेग्नेंसी से बिगड़े हालात
दोनों के बीच दरार उस वक्त और गहरी हो गई जब अप्रैल में ट्विशा की प्रेग्नेंसी की बात सामने आई। अनियोजित गर्भावस्था को लेकर 17 अप्रैल को पति-पत्नी के बीच तीखा विवाद हुआ, जिसके बाद गंभीर मानसिक तनाव में आकर ट्विशा ससुराल छोड़कर राजस्थान स्थित अपने मायके चली गई थीं। हजेला अस्पताल में टेस्ट कराने और प्रताड़ना से तंग आकर गर्भपात की दवा लेने तक की नौबत आ गई थी।
इन धाराओं में दर्ज हुआ शिकंजा
सीबीआई जांच में पाए गए साक्ष्यों के आधार पर पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 80(2), 85, 108, 3(5) और दहेज प्रतिषेध अधिनियम की कठोर धाराओं के तहत चार्जशीट पेश की गई है। एजेंसी ने दोनों आरोपियों को ट्विशा को आत्मघाती कदम उठाने के लिए मजबूर करने का जिम्मेदार ठहराया है।







