गोंदिया से ट्रेन के जरिए जबलपुर पहुंची थी खेप, सप्लाई से पहले पुलिस ने दबोचा
11 किलो गांजा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

जबलपुर, यश भारत। ग्वारीघाट थाना क्षेत्र में पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने देर रात नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 11 किलो गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 6 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार आयुर्वेदिक कॉलेज ग्वारीघाट स्टेशन के पास मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति गांजे की खेप लेकर किसी खरीदार का इंतजार कर रहे हैं। सूचना पर टीम ने घेराबंदी कर 26 वर्षीय मनीष कोरी, निवासी गोरखपुर गुरुद्वारे के पीछे और 52 वर्षीय मदन विश्वकर्मा, निवासी कटड़ा मोहल्ला पाटन को पकड़ लिया।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी संभवत: गोंदिया से आने वाली ट्रेन के जरिए गांजा लेकर जबलपुर पहुंचे थे। बारिश के कारण दोनों स्टेशन के पास एक टपरी की आड़ में खड़े होकर स्थानीय खरीदार का इंतजार कर रहे थे। पुलिस ने गांजा जब्त कर दोनों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। अब पूछताछ के जरिए खेप के सप्लायर और खरीदार की जानकारी जुटाई जा रही है।







