बस स्टैंड पर बेकाबू ट्रक का कहर : तीन बाइकें चपेट में आईं; उड़ गए परखच्चे… पूरी घटना CCTV में कैद

सिवनी यश भारत:-सिवनी जिले के कुरई बस स्टैंड क्षेत्र में तेज रफ्तार और बेकाबू ट्रक ने एक दिन पहले अचानक कहर बरपा दिया। ट्रक ने एक के बाद एक तीन मोटरसाइकिलों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे तीनों बाइक क्षतिग्रस्त हो गईं और एक युवक घायल हो गया। घटना का पूरा घटनाक्रम वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गया। शनिवार को इसका फुटेज सामने आने के बाद हादसे की भयावहता स्पष्ट दिखाई दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस स्टैंड क्षेत्र में सामान्य दिनों की तरह लोगों और वाहनों की आवाजाही जारी थी। इसी दौरान तेज गति से आ रहा ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे खड़ी तथा गुजर रही बाइकों को टक्कर मारते हुए आगे बढ़ गया। टक्कर इतनी तेज थी कि मोटरसाइकिलें दूर तक घिसट गईं और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायल युवक को सुरक्षित बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। समय रहते लोगों की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया, क्योंकि घटना के समय बस स्टैंड पर कई यात्री और राहगीर मौजूद थे।
शनिवार दोपहर करीब एक बजे कुरई थाना प्रभारी कृपाल शाह तेकाम ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में ट्रक चालक ने बताया है कि उसके आगे एक बस चल रही थी। बस चालक द्वारा अचानक ब्रेक लगाए जाने के कारण बस से टक्कर बचाने के लिए उसने ट्रक को साइड में मोड़ दिया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर बाइकों से टकरा गया। पुलिस ने चालक के खिलाफ लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हादसे के पूरे घटनाक्रम की भी जांच कर रही है। यदि जांच में किसी अन्य वाहन चालक की भी लापरवाही सामने आती है तो उसके विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
घायल का नाम अंकित पाने निवासी खैरघाट और ट्रक का ड्राइवर चालक सैजल पिता दीनू खान निवासी भरतपुर राजस्थान है। क्षतिग्रस्त वाहनों का पंचनामा तैयार कर लिया गया है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
गौरतलब है कि कुरई बस स्टैंड क्षेत्र राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ा होने के कारण यहां दिनभर भारी वाहनों का दबाव रहता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि बस स्टैंड के आसपास भारी वाहनों की गति नियंत्रित करने, स्पीड ब्रेकर, चेतावनी संकेतक तथा नियमित यातायात निगरानी की व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।







