पूमा ब्रांड के नाम पर नकली कपड़ों का कारोबार उजागर,1.90 लाख के नकली लोअर, टी-शर्ट, कैप और पर्स जब्त
दो थोक कारोबारियों पर केस, कॉपीराइट एक्ट के तहत कार्रवाई

जबलपुर, यशभारत। शहर में नामी ब्रांड पूमा (PUMA) के नाम पर नकली कपड़े और अन्य उत्पाद बेचने के कारोबार का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। कोतवाली पुलिस ने अंधेरदेव क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए दो थोक कारोबारियों के खिलाफ कॉपीराइट अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया है। कार्रवाई के दौरान करीब 1.90 लाख रुपये कीमत के नकली लोअर, टी-शर्ट, कैप और पर्स जब्त किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, एल्यूडिकेशन एडवोकेट एंड सॉलिसिटर्स लॉ फर्म के जांच अधिकारी मयंक शर्मा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि कोतवाली क्षेत्र की कुछ दुकानों पर पूमा कंपनी के नाम और लोगो का दुरुपयोग कर नकली उत्पाद बेचे जा रहे हैं। शिकायत पर पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आयुष जाखड़ और सीएसपी रीतेश कुमार शिव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी मानस द्विवेदी के नेतृत्व में छापेमारी की गई।
कार्रवाई के दौरान अंधेरदेव स्थित अग्रवाल स्पोर्ट्स के संचालक जितेन्द्र अग्रवाल (33) के कब्जे से पूमा ब्रांड के नाम से बेचे जा रहे 322 नकली लोअर, 116 टी-शर्ट और 80 सेंडो टी-शर्ट बरामद किए गए। वहीं पास स्थित आर.के. बेल्ट के संचालक कमल मंगलानी (34) की दुकान से 155 नकली कैप और 30 नकली पर्स जब्त किए गए, जिन पर पूमा कंपनी का लोगो अंकित था।
पुलिस ने दोनों आरोपियों से कुल लगभग 1.90 लाख रुपये कीमत का नकली माल जब्त कर उनके विरुद्ध कॉपीराइट अधिनियम की धारा 51 एवं 63 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।







