आदतन अपराधियों की कोतवाली में हाजिरी, डोजियर तैयार कर डिजिटल रिकॉर्ड किया तैयार, वारदातों पर अंकुश लगाने विशेष अभियान

कटनी, यशभारत। पुलिस द्वारा जिले में चोरी, झपटमारी एवं लूट जैसी संपत्ति संबंधी वारदातों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में शहरी क्षेत्र के समस्त थाना क्षेत्रों एवं रेलवे सुरक्षा बल आरपीएफ तथा जीआरपी के साथ संयुक्त रूप से विशेष अभियान संचालित किया गया। अभियान के दौरान पूर्व से चिन्हित ऐसे आदतन अपराधियों, जिनके विरुद्ध चोरी, झपटमारी एवं लूट के प्रकरण दर्ज हैं, उन्हें थाने बुलाकर उनकी वर्तमान गतिविधियों का सत्यापन किया गया। सभी अपराधियों को भविष्य में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि से दूर रहने की सख्त चेतावनी दी गई तथा उनका विस्तृत डोजियर तैयार कर डिजिटल रिकॉर्ड भी संधारित किया गया। कोतवाली टीआई राखी पांडे ने बताया कि इस विशेष अभियान का प्रमुख उद्देश्य थाना क्षेत्रों में घटित हो रही चोरी एवं लूट की घटनाओं के साथ.साथ रेलवे स्टेशन एवं आउटर क्षेत्र में होने वाली मोबाइल चोरी और झपटमारी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना तथा आदतन अपराधियों की सतत निगरानी सुनिश्चित करना है। पुलिस ने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने एवं आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ऐसे अभियान निरंतर संचालित किए जाते रहेंगे तथा अपराध में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। यह अभियान एसपी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, एएसपी कमल मौर्य एवं सीएसपी नेहा पच्चीसिया के मार्गदर्शन में कोतवाली थाना प्रभारी राखी पांडे, माधवनगर थाना प्रभारी संजय दुबे, कुठला थाना प्रभारी अखिलेश दाहिया, एनकेजे थाना प्रभारी रूपेन्द्र राजपूत, रंगनाथनगर थाना प्रभारी अरूणपाल सिंह द्वारा संचालित किया गया।






