साइबर सेफ क्लिक अभियान 2.0 में 500 छात्रों ने ली डिजिटल सुरक्षा और नशामुक्ति की शपथ

साइबर सेफ क्लिक अभियान 2.0 में 500 छात्रों ने ली डिजिटल सुरक्षा और नशामुक्ति की शपथ
भोपाल, यशभारत। नगरीय पुलिस भोपाल द्वारा युवाओं को डिजिटल धोखाधड़ी के जाल से बचाने और सामाजिक बुराइयों के प्रति जागरूक करने के लिए चलाए जा रहे साइबर सेफ क्लिक अभियान के तहत आज सैम ग्लोबल यूनिवर्सिटी में एक दिवसीय वृहद जागरूकता कार्यक्रम संपन्न हुआ।

डिजिटल अरेस्ट और वित्तीय ठगी से बचने के सिखाए गुर
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित भोपाल पुलिस कमिश्नर श्री संजय कुमार ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए वर्तमान दौर के आधुनिक साइबर अपराधों से सचेत किया। उन्होंने तेजी से बढ़ रहे डिजिटल अरेस्ट, ओटीपी फ्रॉड, फर्जी इन्वेस्टमेंट स्कीम्स, बैंक लोन फ्रॉड और जॉब फ्रॉड जैसी शातिर साइबर कूटनीतियों की परतों को खोला और इनसे सुरक्षित रहने के व्यावहारिक तरीके साझा किए।
नशामुक्ति और यातायात अनुशासन पर विशेष जोर
पुलिस कमिश्नर ने युवाओं को एक जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश देते हुए कहा कि केवल डिजिटल सुरक्षा ही नहीं, बल्कि समाज को सुरक्षित बनाने के लिए यातायात अनुशासन का पालन करना और ड्रग्स जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहना बेहद जरूरी है।
500 छात्रों ने लिया संकल्प, शंकाओं का हुआ समाधान
इस अवसर पर विश्वविद्यालय परिसर में मौजूद करीब 500 छात्र-छात्राओं को साइबर सुरक्षा, यातायात नियमों के पालन और नशामुक्ति की सामूहिक शपथ दिलाई गई। इसके साथ ही, एक प्रश्न-उत्तर सत्र का भी आयोजन किया गया, जिसमें साइबर एक्सपर्ट्स और पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों की शंकाओं और जिज्ञासाओं का मौके पर ही समाधान किया।





