कहां से आ रही खेप? : 5 किलो से अधिक गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार

दमोह। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन क्लीन’ के तहत कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 किलो 93 ग्राम अवैध गांजा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 75 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया और नगर पुलिस अधीक्षक एच.आर. पांडेय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोतवाली के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने 29 जून 2026 को कार्रवाई करते हुए कार्तिक पिता भगवानदास संसिया (22 वर्ष), निवासी घनश्यामपुरा, थाना बटियागढ़, जिला दमोह को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 5 किलो 93 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध कोतवाली थाना में अपराध क्रमांक 621/2026 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
सराहनीय भूमिका निभाने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष कुमार, उपनिरीक्षक नीतेश जैन, प्रधान आरक्षक घासीराम तथा आरक्षक बृजेंद्र मिश्रा और नरेंद्र पटेरिया शामिल रहे।






