देश

हल्दिया रिफाइनरी में भीषण अग्निकांड! नैफ्था पाइपलाइन में लगी आग, 15 कर्मचारी झुलसे

कई की हालत गंभीर

हल्दिया (पश्चिम बंगाल)। पश्चिम बंगाल के पूर्वी मेदिनीपुर जिले स्थित इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (आईओसी) की हल्दिया रिफाइनरी में मंगलवार तड़के बड़ा हादसा हो गया। नैफ्था पाइपलाइन में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में अब तक 15 कर्मचारियों के झुलसने और घायल होने की जानकारी सामने आई है, जबकि कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, आग मंगलवार सुबह करीब 4 से 4:30 बजे के बीच नैफ्था पाइपलाइन में लगी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया, जिससे आसपास मौजूद कर्मचारियों में भगदड़ मच गई। हादसे के बाद तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया और झुलसे कर्मचारियों को हल्दिया सब-डिविजनल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। फिलहाल आग लगने के कारणों का आधिकारिक तौर पर खुलासा नहीं हुआ है। तकनीकी विशेषज्ञ और सुरक्षा एजेंसियां घटना की जांच में जुटी हैं। प्रारंभिक तौर पर तकनीकी खराबी या अन्य कारणों की संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा है।

हल्दिया रिफाइनरी देश की प्रमुख तेल रिफाइनरियों में शामिल है। वर्ष 1975 में स्थापित यह रिफाइनरी पश्चिम बंगाल के हल्दिया शहर में हल्दी और हुगली नदी के संगम पर स्थित है और इसका संचालन इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) करता है। यहां से पश्चिम बंगाल, बिहार, ओडिशा सहित पूरे पूर्वी भारत में पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति की जाती है।

गौरतलब है कि दिसंबर 2021 में भी हल्दिया रिफाइनरी में भीषण आग लगी थी, जिसमें तीन कर्मचारियों की मौत हो गई थी और 44 लोग घायल हुए थे। एक बार फिर हुई इस घटना ने रिफाइनरी की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल प्रशासन और रिफाइनरी प्रबंधन स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। आग पर काबू पाने और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button