भोपाल टाइगर स्पेशल टीम ने गंभीर रूप से घायल बाघ युवराज का किया रेस्क्यू

भोपाल टाइगर स्पेशल टीम ने गंभीर रूप से घायल बाघ युवराज का किया रेस्क्यू
भोपाल, यश भारत । मध्य प्रदेश के देवास जिले के खिवनी अभयारण्य में गंभीर रूप से घायल मिले बाघ ‘युवराज’ का भोपाल से पहुंची टाइगर स्पेशल रेस्क्यू टीम ने सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया। बाघ की हालत नाजुक बताई जा रही है और वन विभाग की निगरानी में उसका उपचार किया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, वन अमले को खिवनी अभयारण्य में एक वयस्क नर बाघ के घायल अवस्था में होने की सूचना मिली थी। इसके बाद भोपाल की टाइगर स्पेशल रेस्क्यू टीम को मौके पर भेजा गया। टीम ने विशेषज्ञों की मदद से घायल बाघ को सुरक्षित ट्रैंक्विलाइज कर रेस्क्यू किया और उपचार के लिए आवश्यक व्यवस्था की।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बाघ के शरीर पर कई गहरे घाव हैं। वन अधिकारियों का मानना है कि ये चोटें दूसरे नर बाघ के साथ क्षेत्रीय वर्चस्व (टेरिटोरियल फाइट) की लड़ाई के दौरान लगी हैं। बताया जा रहा है कि इलाके में अपना दबदबा बनाए रखने को लेकर हुए संघर्ष में बाघ युवराज गंभीर रूप से घायल हो गया।
वन विभाग के अनुसार, रेस्क्यू के बाद बाघ का लगातार स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है। विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम उसकी स्थिति पर नजर रखे हुए है। फिलहाल उसकी हालत गंभीर बनी हुई है, लेकिन उसे बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।







