भोपालमध्य प्रदेश

वेनेजुएला में दो शक्तिशाली भूकंपों से दहशत, राष्ट्रीय आपातकाल घोषित

वेनेजुएला में दो शक्तिशाली भूकंपों से दहशत, राष्ट्रीय आपातकाल घोषित
भोपाल, यश भारत । दक्षिण अमेरिकी देश वेनेजुएला बुधवार शाम दो शक्तिशाली भूकंपों के झटकों से हिल गया। अमेरिकी भूगर्भीय सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार पहले 7.2 और उसके कुछ सेकंड बाद 7.5 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। भूकंप का केंद्र राजधानी कराकस से लगभग 290 किलोमीटर पश्चिम में स्थित क्षेत्र में रहा। तेज झटकों के कारण कराकस समेत कई शहरों में लोगों में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घरों और कार्यालयों से बाहर निकल आए।
भूकंप के चलते कई इमारतों को नुकसान पहुंचने की खबर है। स्थानीय मीडिया के अनुसार कराकस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की छत का एक हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे वहां धूल का बड़ा गुबार उठता दिखाई दिया। कई क्षेत्रों में बिजली और संचार सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं। प्रशासन ने प्रभावित इलाकों में राहत एवं बचाव दलों को तैनात कर दिया है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज ने देश में राष्ट्रीय आपातकाल घोषित कर दिया है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक सरकार की ओर से मृतकों और घायलों की कोई आधिकारिक संख्या जारी नहीं की गई थी। अस्पतालों और आपदा प्रबंधन एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
USGS के प्रारंभिक आकलन में बड़े पैमाने पर जनहानि की आशंका जताई गई है। एजेंसी के अनुमान के अनुसार इस आपदा में 10 हजार से अधिक लोगों की मौत की संभावना 44 प्रतिशत तथा एक लाख से अधिक लोगों की मौत की आशंका 30 प्रतिशत तक बताई गई है। हालांकि वास्तविक नुकसान का आकलन राहत और बचाव कार्यों के आगे बढ़ने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
विशेषज्ञों के अनुसार यह वेनेजुएला में पिछले 126 वर्षों के दौरान आए सबसे शक्तिशाली भूकंपों में से एक है। इससे पहले वर्ष 1900 में 7.7 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया था। लगातार आए दो बड़े झटकों के बाद आफ्टरशॉक्स की आशंका बनी हुई है, जिसके मद्देनजर प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button