कटनी

कटनी पुलिस ने शुरू किया 15 दिवसीय साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान, एसपी ने दिखाई हरी झंडी, गांव गांव तक पहुंचेगा जागरूकता वाहन

कटनी, यशभारत। साइबर अपराधों की बढ़ती घटनाओं पर रोक लगाने एवं आमजन को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से कटनी पुलिस द्वारा बुधवार को “साइबर अपराध/सुरक्षा जागरूकता माह अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने साइबर सुरक्षा जनजागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने बताया कि 24 जून से आगामी 15 दिनों तक जिलेभर में साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान संचालित किया जाएगा। अभियान के तहत विशेष रूप से तैयार किया गया जनजागरूकता वाहन कटनी शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण कर आम नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी देगा तथा लोगों को जागरूक करेगा।
उन्होंने बताया कि कटनी पुलिस की टीमें विद्यालयों, महाविद्यालयों, ग्राम पंचायतों, सार्वजनिक स्थलों एवं विभिन्न शहरी-ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर साइबर अपराधों के प्रति लोगों को जागरूक करेंगी। अभियान के दौरान ओटीपी फ्रॉड, फर्जी लिंक, एपीके (APK) फाइल, डिजिटल अरेस्ट, सोशल मीडिया हैकिंग, ऑनलाइन ठगी एवं बैंकिंग धोखाधड़ी जैसे मामलों से बचाव की जानकारी दी जाएगी।
एसपी ने कहा कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति के साथ ओटीपी साझा न करें, संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें तथा अनजान स्रोतों से एपीके फाइल डाउनलोड न करें, क्योंकि इनके माध्यम से साइबर ठग बैंक खातों एवं व्यक्तिगत जानकारी तक पहुंच बना सकते हैं। किसी भी साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य, नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया सहित जिले के समस्त थाना प्रभारियों एवं पुलिस बल की उपस्थिति रही। अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की कि वे स्वयं सतर्क रहें और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button