मोहर्रम पर्व पर शहर में रहेंगे चाक चौबंद इंतजाम, कप्तान के नेतृत्व में पुलिस का कदमताल, शहर में सायरन बजाती निकली पुलिस की गाड़ियां

कटनी, यशभारत। मुस्लिम संप्रदाय के प्रमुख पर्व मुहर्रम को लेकर शहर में व्यापक स्तर पर तैयारियां शुरू हो गई हैं। पर्व के मद्देजनर शहर में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से आज सोमवार की शाम पुलिस कप्तान अभिनय विश्वकर्मा के नेतृत्व में पुलिस अधिकारियों एवं थाना प्रभारी ने शहर में घूम कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान सायरन बजाती हुई गाड़ियां शहर के प्रमुख मार्गो से होकर गुजरी। पर्व के दौरान प्रमुख चौराहों में व्यवस्थाओं को लेकर पुलिस बल की भी तैनाती की जा रही है, इसको लेकर पुलिस कप्तान अभिनय विश्वकर्मा ने अधीनस्थ पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि ड्यूटी में किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पर्व को लेकर जहां-जहां भी संवेदनशील क्षेत्र है, वहां पुलिस अधिकारी लगातार भ्रमण करें और व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहें। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य, नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसया, उप पुलिस अधीक्षक रत्नेश मिश्रा, कोतवाली थाना प्रभारी राखी पांडे, माधव नगर थाना प्रभारी संजय दुबे, कुठला थाना प्रभारी अखिलेश दाहिया, यातायात थाना प्रभारी अनूप सिंह ठाकुर, रक्षित निरीक्षक संध्या राजपूत सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।







