भोपालमध्य प्रदेश

भोपाल के छोटे तालाब में डूबने से मूकबधिर किशोर की मौत

भोपाल के छोटे तालाब में डूबने से मूकबधिर किशोर की मौत

भोपाल, यशभारत। राजधानी के जहांगीराबाद इलाके में शनिवार शाम छोटे तालाब में डूबने से एक 15 वर्षीय मूकबधिर किशोर की मौत हो गई। मृतक की पहचान अनस कुरैशी पिता सोहेल, निवासी बड़ी वाली मस्जिद, जहांगीराबाद के रूप में हुई है। हादसे से कुछ देर पहले का अनस का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह पार्क में खुशी से डांस करता दिख रहा है। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम को अनस ने अपनी मां से पार्क घूमने की जिद की थी। बेटे की खुशी के लिए मां उसे लिली टॉकीज के पास स्थित पार्क में लेकर आई थीं। पार्क में पहुंचने के बाद अनस वहां खेलने लगा, जबकि मां वहीं पास में बैठ गईं। इसी दौरान खेलते-खेलते अनस पार्क से सटे छोटे तालाब के किनारे पहुंच गया और नहाने के लिए पानी में उतर गया। मां ने जब उसे पानी की तरफ जाते देखा तो उसे रोकने का प्रयास किया और आवाजें दीं, लेकिन मूकबधिर होने के कारण अनस भांप नहीं पाया और देखते ही देखते गहरे पानी में चला गया।

बेटे को डूबता देख मां ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास मौजूद लोग तुरंत तालाब में कूदे और अनस को पानी से बाहर निकाला। तालाब से निकालते वक्त अनस की सांसें चल रही थीं। उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया। हालांकि, फेफड़ों में अत्यधिक पानी भर जाने के कारण देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही जहांगीराबाद थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। थाना पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में यह मामला नहाने के दौरान पैर फिसलने या गहरे पानी में चले जाने से हुए हादसे का लग रहा है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर विस्तृत जांच कर रही है। इस दर्दनाक हादसे के बाद से जहांगीराबाद इलाके और पीड़ित परिवार में मातम पसरा हुआ है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button