सिलुआ घाट में नहाने गए युवक व नाबालिग की डूबने से मौत दोनों के शव बरामद
जबलपुर यशभारत।

जबलपुर यशभारत।बरेला थाना क्षेत्र के गौर चौकी अंतर्गत सिलुआ घाट में रविवार को नहाने गए एक युवक और एक नाबालिग की नदी में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस एवं स्थानीय गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और तलाश अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद दोनों के शव नदी से बरामद कर लिए गए।

पुलिस ने बताया कि चौखड़ा गांव के रहने वाले 19 वर्षीय ध्रुव पटेल वी 17 वर्षीय सागर पटेल सिलुआ घाट पर नहाने के लिए गए थे। इसी दौरान नहाते समय ध्रुव पटेल गहरे पानी में चला गया जिसे बचाने के लिए सागर पटेल भी चला गया था। पानी की गहराई दोनों डूब गए। मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। घटना की सूचना मिलते ही गौर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से खोजबीन शुरू कराई।
काफी देर तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद दोनों के शव नदी से बाहर निकाले गए। शव मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घटना स्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।प्रारंभिक जांच में मामला नदी में डूबने से मौत का बताया जा रहा है। पुलिस घटना के संबंध में मर्ग कायम कर जांच कर रही है।







