मध्य प्रदेशराज्य

बुजुर्ग को मृत घोषित कर पुस्तैनी भूमि के अवैध नामांतरण का मामला : कलेक्टर ने दिए FIR के आदेश


सतना,  यश भारत।सतना जिले के कोठी तहसील में फर्जी साजरा खानदान और कथित फर्जी गवाहों के आधार पर रामकरण व कताहूर पिता रामसुजान सोनी द्वारा दस्तावेजों में बुजुर्ग ईश्वरदीन सोनी को मृत व संतानविहीन बताकर उनकी पुस्तैनी भूमि के कथित अवैध नामांतरण का मामला अब गंभीर प्रशासनिक कार्रवाई तक पहुंच गया है। जांच में सामने आया कि कोठी क्षेत्र में पदस्थ रहे पटवारी प्रवीण सिंह ने भी अपनी पत्नी माधवी सिंह के नाम भूमि का नामांतरण कराने में भूमिका निभाई।

प्राप्त दस्तावेजों के अनुसार, पंजीयन अभिलेखों में विक्रेता रामकरण सोनी व कताहूर सोनी और क्रेता के रूप में माधवी सिंह तथा अम्बिकेश पाठक के नाम दर्ज हैं। शिकायत के बाद मामला कलेक्टर सतना के संज्ञान में पहुंचा, जिस पर कलेक्टर ने एसडीएम सतना को पूरे प्रकरण की जांच कर दोषियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं।

सूत्रों के अनुसार कलेक्टर के निर्देश पर एसडीएम सतना ने विवादास्पद प्रकरण में संलिप्त कोठी पटवारी प्रवीण सिंह के निलंबन की कार्रवाई भी प्रारंभ कर दी है। प्रशासन अब दस्तावेजों की वैधता, नामांतरण प्रक्रिया और संबंधित अधिकारियों की भूमिका की जांच कर रहा है।

मामले ने राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध आपराधिक प्रकरण दर्ज होने के साथ-साथ विभागीय कार्रवाई भी की जा सकती है। पूरे घटनाक्रम पर जिले भर की नजर बनी हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button