ट्विशा शर्मा मामला: डेथ सर्टिफिकेट के लिए अटकी पीएम रिपोर्ट, कोर्ट ने सीबीआई और एम्स दिल्ली-भोपाल को थमाया नोटिस

ट्विशा शर्मा मामला: डेथ सर्टिफिकेट के लिए अटकी पीएम रिपोर्ट, कोर्ट ने सीबीआई और एम्स दिल्ली-भोपाल को थमाया नोटिस
भोपाल, यशभारत। राजधानी के बहुचर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले में एक नया कानूनी मोड़ सामने आया है। मृतका का मृत्यु प्रमाण पत्र जारी कराने के लिए अब परिजनों को अदालत का दरवाजा खटखटाना पड़ा है। नगर निगम द्वारा डेथ सर्टिफिकेट के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट की अनिवार्यता बताए जाने के बाद, परिजनों ने भोपाल जिला कोर्ट में एक नया आवेदन दायर किया है।
यह आवेदन न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी शोभना भलावे की अदालत में पेश किया गया। कोर्ट ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए आवेदन को तत्काल स्वीकार कर लिया है। साथ ही केंद्रीय जांच एजेंसी सीबीआई सहित देश के दो बड़े चिकित्सा संस्थानों को नोटिस जारी कर पोस्टमार्टम रिपोर्ट के संबंध में जवाब तलब किया है।
नगर निगम ने खड़े किए हाथ, कहा- पीएम रिपोर्ट के बिना नहीं बनेगा प्रमाण पत्र
परिजनों द्वारा कोर्ट में पेश किए गए आवेदन में कहा गया है कि वे ट्विशा के डेथ सर्टिफिकेट के लिए लगातार नगर निगम के चक्कर काट रहे हैं। लेकिन नगर निगम की जन्म-मृत्यु शाखा ने साफ कर दिया है कि हाई-प्रोफाइल मामला होने और पुलिस/जांच एजेंसी की संलिप्तता के कारण जब तक आधिकारिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं की जाएगी, तब तक मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करना संभव नहीं होगा।
अदालत सख्त: चार प्रमुख पक्षों से मांगा जवाब
न्यायिक मजिस्ट्रेट शोभना भलावे की कोर्ट ने परिजनों की परेशानी को ध्यान में रखते हुए इस मामले से जुड़े चार प्रमुख विभागों को नोटिस जारी किए हैं। कोर्ट ने नगर निगम की जन्म-मृत्यु शाखा, एम्स दिल्ली, एम्स भोपाल और इस मामले की जांच कर रही केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो को नोटिस तामील करते हुए पोस्टमार्टम रिपोर्ट की वर्तमान स्थिति और उसे सौंपने के संबंध में स्थिति स्पष्ट करने के निर्देश दिए हैं। अब इस मामले की अगली सुनवाई पर सभी पक्षों को अदालत के समक्ष अपना जवाब प्रस्तुत करना होगा।







