देश

महिला सहित तीन गांजा तस्कर गिरफ्तार, 1.41 लाख का माल जप्त

महिला सहित तीन गांजा तस्कर गिरफ्तार, 1.41 लाख का माल जप्त

भोपाल, यशभारत। भोपाल क्राइम ब्रांच ने ने दो अलग-अलग कार्यवाहियों में एक बुजुर्ग महिला सहित तीन शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 2 किलो 681 ग्राम अवैध गांजा, एक मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन और नगदी जप्त की गई है। जप्त किए गए माल की कुल कीमत लगभग 1 लाख 41 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है और वे लंबे समय से अवैध मादक पदार्थों की तस्करी नेटवर्क से जुड़े हुए हैं। इस साल 2026 में अब तक क्राइम ब्रांच द्वारा कुल 81.938 किलोग्राम गांजा जप्त किया जा चुका है।

पुलिस उपायुक्त अखिल पटेल ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर क्राइम ब्रांच की टीम ने खेल छात्रावास के पीछे स्थित राहुल किराना स्टोर पर दबिश दी। वहां दुकान संचालित कर रही 69 वर्षीय बुजुर्ग महिला राजवती राय को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान दुकान के काउंटर के नीचे से 756 ग्राम गांजा और बिक्री के 1 हजार रुपये नगद बरामद हुए। महिला किराना दुकान की आड़ में गांजे की पुड़िया बनाकर बेच रही थी।

दूसरी कार्रवाई में क्राइम ब्रांच को सूचना मिली कि वीआईपी गेस्ट हाउस के पीछे दो युवक मोटरसाइकिल के साथ गांजा बेचने की फिराक में खड़े हैं। पुलिस टीम ने स्वतंत्र गवाहों के साथ मौके पर घेराबंदी कर शाहपुरा गांव निवासी अर्जुन गोस्वामी और मनीष शुक्ला को दबोच लिया। तलाशी लेने पर उनके पास मौजूद एक झोले से 1 किलो 925 ग्राम गांजा, एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन जप्त किए गए। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button