लिव-इन पार्टनर ने बीच सड़क पर पूर्व प्रेमिका को चाकुओं से गोदा, बचाने आई बड़ी बहन का भी चेहरा चीरा

लिव-इन पार्टनर ने बीच सड़क पर पूर्व प्रेमिका को चाकुओं से गोदा, बचाने आई बड़ी बहन का भी चेहरा चीरा
छोला मंदिर के शंकर नगर में वारदात, सरेराह लहूलुहान हुईं दो बहनें
गर्दन, पीठ और चेहरे पर ताबड़तोड़ वार; वारदात का खौफनाक सीसीटीवी फुटेज आया सामने
ब्रेकअप के बाद परिवार के साथ रहने लगी थी युवती, आरोपी अक्षय चंदेल पर हत्या के प्रयास का केस दर्ज
भोपाल, यशभारत। राजधानी के छोला मंदिर थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम एक सिरफिरे युवक ने सरेराह अपनी पूर्व प्रेमिका पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने युवती की गर्दन, चेहरे, पीठ और हाथों पर ताबड़तोड़ कई वार किए। इस दौरान छोटी बहन को लहूलुहान देख जब बड़ी बहन उसे बचाने दौड़ी, तो आरोपी ने उसके चेहरे पर भी चाकू मार दिया, जिससे उसका गाल गहराई तक कट गया। चीख-पुकार सुनकर जब तक आसपास के लोग मदद के लिए दौड़ते, आरोपी जान से मारने की धमकी देता हुआ भाग निकला। बुधवार को इस रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
रास्ता रोककर करने लगा विवाद
पुलिस के मुताबिक, 23 वर्षीय पीड़िता मंगलवार शाम करीब 4 बजे अपनी बड़ी बहन के साथ शंकर नगर इलाके में घर के पास से गुजर रही थी। इसी दौरान प्रीत नगर निवासी अक्षय चंदेल ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोपी पुरानी बातों को लेकर बहस करने लगा। कुछ ही देर में विवाद इतना बढ़ा कि अक्षय ने जेब से धारदार चाकू निकाला और युवती पर टूट पड़ा। अचानक हुए इस हमले में युवती गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ी।
वारदात के बाद मौके पर पहुंची छोला मंदिर पुलिस ने दोनों घायल बहनों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार, मुख्य पीड़िता की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है, उसकी गर्दन और पीठ पर गहरे जख्म आए हैं। वहीं उसकी बड़ी बहन के चेहरे पर भी गंभीर चोट है। दोनों का इलाज जारी है।
पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी अक्षय और पीड़िता के बीच पहले प्रेम संबंध थे। दोनों कुछ समय तक लिव-इन रिलेशनशिप में भी रहे थे। बाद में दोनों के बीच किसी बात को लेकर अनबन हो गई, जिसके बाद युवती ने आरोपी से दूरी बना ली और वापस अपने परिवार के साथ रहने लगी थी। पुलिस का मानना है कि आरोपी इसी बात से रंजिश रखे हुए था और इसी पुरानी नाराजगी के चलते उसने इस खौफनाक कदम को उठाया।
आरोपी फरार, टीमें दे रही हैं दबिश
पुलिस ने आरोपी अक्षय चंदेल के खिलाफ हत्या के प्रयास, मारपीट और धमकी देने सहित अन्य संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है। थाना पुलिस का कहना है कि घटना का सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ले लिया गया है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।







