बढ़ सकता है शिक्षकों का ग्रीष्मकालीन अवकाश, 31 मई को खत्म हो रही हैं गर्मियों की छुट्टियां

कटनी, यशभारत। जिले के सरकारी स्कूलों में पदस्थ शिक्षकों और सरकारी स्कूलों में पढऩे वाले छात्रों के लिए एक अच्छी खबर है। सूत्रों से जानकारी मिल रही है कि प्रदेश में पड़ रही भीषण गर्मी के कारण ग्रीष्मकालीन अवकाश में बढ़ोतरी हो सकती है। स्कूल शिक्षा विभाग ग्रीष्मकालीन अवकाश को आगे बढ़ाने पर विचार कर रहा है, हालांकि अभी इसे लेकर कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं हुआ है लेकिन माना जा रहा है कि जल्द ही छुट्टियों का तोहफा देते हुए आधिकारिक आदेश जारी किया जा सकता है। बताया जाता है कि मध्यप्रदेश शिक्षक संघ के प्रतिनिधि मंडल ने मध्यप्रदेश शासन के स्कूल शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह से भेंट कर प्रदेश में भीषण गर्मी को देखते हुए शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के ग्रीष्मकालीन अवकाश 30 जून तक बढ़ाने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा था। सूत्रों से जो जानकारी मिल रही है उसके मुताबिक 31 मई को खत्म हो रहे शिक्षकों के ग्रीष्मकालीन अवकाश को भीषण गर्मी को देखते हुए 15 दिन यानी 15 जून तक आगे बढ़ाया जा सकता है। हालांकि अभी इसे लेकर कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं हुआ है लेकिन माना जा रहा है कि स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से इस संबंध में जल्द ही आधिकारिक आदेश जारी किया जा सकता है।
बच्चों की छुट्टियां भी बढ़ सकती हैं
बताया ये भी जा रहा है कि गर्मी के कारण सरकारी स्कूलों की छुट्टियां भी आगे बढ़ाई जा सकती हैं। अभी सरकारी स्कूलों में 15 जून तक ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित हैंए जिन्हें बढ़ाकर 22 जून किया जा सकता है। बता दें कि मध्यप्रदेश में इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है और कई जिलों में पारा 45 डिग्री के पार पहुंच चुका है। इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है और लोग लू की चपेट में आ रहे हैं। गर्मी के कारण लोगों का बुरा हाल है। कटनी जिले में लू और गर्म रात्रि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।







