दोहरे हत्याकांड का मुख्य सरगना नाटकीय ढंग से गिरफ्तार; रची थी एक्सीडेंट की झूठी कहानी, 4 अब भी फरार, नेपाल और UP में फरारी काट रहा था आरोपी, पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा

सागरयश भारत (संभागीय ब्यूरो)/ थाना सानौधा के चौकी शाहपुर क्षेत्र में हुए चर्चित व सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड के मुख्य सरगना और शराब दुकान के लाइसेंस धारक छोटू उर्फ हर्ष लोधी को पुलिस ने नाटकीय ढंग से घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए मुख्य आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने के लिए इस अमानवीय हत्याकांड को सड़क दुर्घटना (एक्सीडेंट) का रूप देने की साजिश रची थी, लेकिन सागर पुलिस की वैज्ञानिक और त्वरित विवेचना ने इस झूठी कहानी का पर्दाफाश कर दिया। इस हाई-प्रोफाइल मामले में पुलिस अब तक कुल 08 आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज चुकी है, जबकि फरार चल रहे अन्य 04 आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
उल्लेखनीय है कि बीती 08 मई की रात लगभग 8:30 बजे शाहपुर में शराब बेचने के संदेह को लेकर आरोपी नीलेश अहिरवार, भगवत पटेल, अंशुल यादव, अभिषेक पटेल और मुख्य सरगना छोटू उर्फ हर्ष सिंह लोधी ने रास्ता रोककर गाली-गलौज की थी। आरोपियों ने जातिसूचक शब्दों से अपमानित करते हुए लाठी और लोहे की रॉड से बेरहमी से मारपीट की थी। इस अंधाधुंध हमले में गंभीर रूप से घायल नीरज प्रजापति की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि दूसरे घायल सूरज अहिरवार ने उपचार के दौरान 10 मई को दम तोड़ दिया था। पुलिस ने फरियादी की रिपोर्ट पर हत्या (103-1 BNS) और एससी एसटी/एक्ट सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया था।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन व एएसपी डॉ. संजीव उइके, एएसपी लोकेश कुमार सिन्हा और सीएसपी ललित कश्यप के मार्गदर्शन में सानौधा थाना प्रभारी निरीक्षक भरत सिंह ठाकुर के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन किया गया था। इसी दौरान 24 मई को मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि मुख्य आरोपी छोटू लोधी किंद्राहो के रास्ते अपने परिजनों से मिलने आ रहा है और इसके बाद वह मध्य प्रदेश से बाहर भागने की फिराक में है। सूचना पर सानौधा पुलिस ने शाहपुर-किंद्राहो मुख्य मार्ग पर तत्काल नाकेबंदी की। तभी किंद्राहो की ओर से आ रही एक काले रंग की बोलेरो गाड़ी ने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया, जिसे पुलिस टीम ने मुस्तैदी से घेराबंदी कर दबोच लिया।
चौकी शाहपुर लाकर की गई कड़ाई से पूछताछ में आरोपी छोटू उर्फ हर्ष लोधी निवासी किंद्राहो ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि घटना के बाद वह पुलिस से बचने के लिए नेपाल, उत्तर प्रदेश और बीना क्षेत्र के आसपास फरारी काट रहा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त काले रंग की बोलेरो गाड़ी, लोहे की रॉड, 35 हजार रुपये नगद, मोबाइल फोन और शराब दुकान के लाइसेंस संबंधी दस्तावेज जप्त किए हैं। पुलिस की इस त्वरित व सूझबूझ भरी कार्रवाई और साक्ष्य संकलन की क्षेत्र में व्यापक सराहना की जा रही है। इस सराहनीय कार्रवाई में थाना प्रभारी भरत सिंह ठाकुर, उप निरीक्षक बालाराम छारी, प्रधान आरक्षक विनोद कुमार, नीलेश दुबे, आरक्षक दीपांश पाठक, प्रवीण, जगदीश, देवेंद्र, शिवराज और लकी की विशेष भूमिका रही।







