
रायबरेली,(यशभारत)। यूपी के रायबरेली में पागल कुत्ते के काटने से एक गाय की मौत के बाद उसका दूध पीने वाले लोगों में रैबीज का डर फैल गया। करीब एक दर्जन लोगों ने एंटी रैबीज इंजेक्शन लगवा चुके हैं। दरअसल, पूरा मामला शिवगढ़ थाना क्षेत्र के थरी गांव का है। यहां रहने वाले प्रेम शंकर की गाय को करीब एक सप्ताह पहले पागल कुत्ते ने काट लिया था। परिवार के लोगों ने गाय को वेटरिनरी डॉक्टर को दिखाया और इलाज करवाया, लेकिन इस दौरान वे गाय का दूध पीते रहे।
जानकारी के मुताबिक एक दिन पहले गाय में हाइड्रोफोबिया के लक्षण दिखाई देने लगे। गाय पानी देखकर उग्र हो रही थी। गाय के उग्र व्यवहार का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। शाम होते-होते गाय की मौत हो गई। इसके बाद जिन लोगों ने उसका दूध पिया था, उनमें डर का माहौल पैदा हो गया। अगले दिन सभी लोग सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने संभावित खतरे को देखते हुए उन्हें एंटी रैबीज इंजेक्शन लगाए।
रिपोर्ट के मुताबिक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवगढ़ के चिकित्सा अधीक्षक ने बताया कि थरी गांव निवासी प्रेम शंकर की गाय को कुत्ते ने काट लिया था, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। गाय दुधारू थी और पूरे परिवार ने उसका दूध पिया था। उन्होंने बताया कि परिवार के सभी सदस्यों का टीकाकरण कर दिया गया है। साथ ही उन्हें यह भी निर्देश दिया है कि वैक्सीन की पूरी डोज पूरी होने तक अस्पताल के संपर्क में बने रहें। डॉक्टरों की एक टीम पूरे परिवार की निगरानी कर रही है।







