मध्य प्रदेशराज्य

डबल मर्डर कांड : पीड़ितों से मिलने पहुंचे जीतू पटवारी; कहा- ‘न्याय मिलने तक थमेगी नहीं लड़ाई’

कांग्रेस ने उठाई 50-50 लाख मुआवजे की मांग

 

सागर, यश भारत संभागीय ब्यूरो)/ सागर जिले के शाहपुर में शराब माफिया के खूनी तांडव ने समूचे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। इस जघन्य ‘डबल मर्डर’ कांड के पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने और माफिया राज के खिलाफ बिगुल फूंकने के लिए मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी मंगलवार को शाहपुर पहुंचे। उन्होंने सूरज अहिरवार और नीरज प्रजापति के परिजनों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं और इस दुखद घड़ी में कांग्रेस पार्टी के पूर्ण समर्थन का भरोसा दिलाया।

पीड़ितों के बीच पहुंचे

पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने प्रदेश सरकार और स्थानीय प्रशासन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि शाहपुर की यह हृदय विदारक घटना प्रशासन की घोर विफलता का प्रमाण है। पटवारी ने आरोप लगाया कि अवैध शराब कारोबार को मिल रहे संरक्षण के कारण ही माफिया इतने बेखौफ हो गए हैं कि वे सरेआम हत्या कर रहे हैं। उन्होंने मांग की कि प्रत्येक मृतक परिवार को 50-50 लाख रुपये का मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी तत्काल प्रदान की जाए।

 हादसे का नाटक हुआ नाकाम

इस पूरे हत्याकांड में सानौधा थाना प्रभारी (टीआई) भरत सिंह ठाकुर की अत्यंत सक्रिय भूमिका रही। माफिया के गुर्गों ने इस दोहरी हत्या को ‘सड़क हादसा’ बताकर रफा-दफा करने की पुरजोर कोशिश की थी, लेकिन टीआई भरत सिंह ठाकुर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सूक्ष्मता से जांच कर साजिश को बेनकाब कर दिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिससे माफिया के मंसूबों पर पानी फिर गया।

 

जीतू पटवारी के शाहपुर आगमन के दौरान सागर जिले की सीमा में प्रवेश करते ही ग्राम शाहगढ़ में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सूत की माला पहनकर सादगी पूर्ण तरीके से उनकी गरिमामय अगवानी की। दौरे के दौरान उनके साथ कांग्रेस के दिग्गज नेताओं की पूरी फौज मौजूद रही, जिनमें जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह मुहासा, जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव, मप्र कांग्रेस कमेटी की महासचिव व पूर्व जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष रेखा चौधरी, पूर्व मंत्री प्रभु सिंह ठाकुर एवं सुरेंद्र चौधरी, पूर्व विधायक तरवर सिंह लोधी, नारायण प्रजापति, प्रदेश प्रवक्ता डॉ. संदीप सबलोक, वरिष्ठ नेता अमित राम जी दुबे, पार्षद ताहिर खान, ऋचा सिंह गोंड, पं. लक्ष्मी नारायण सोनकिया, चमन अंसारी, आदिल राइन समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता प्रमुख रूप से शामिल थे।

सड़क से सदन तक गूंजेगा मुद्दा

कांग्रेस अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि शाहपुर के इन निर्दोष युवकों की हत्या का मुद्दा केवल सड़कों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसे सदन में भी पुरजोर तरीके से उठाया जाएगा。 उन्होंने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि सभी आरोपियों पर कठोरतम कार्रवाई नहीं हुई और पीड़ितों को हक नहीं मिला, तो कांग्रेस पार्टी उग्र आंदोलन के लिए विवश होगी। फिलहाल शाहपुर में भारी पुलिस बल तैनात है और जीतू पटवारी के इस दौरे ने शासन-प्रशासन की बेचैनी बढ़ा दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button