मां घर से बाहर गई और छात्रा ने काट ली नस, मौत

मां घर से बाहर गई और छात्रा ने काट ली नस, मौत
भोपाल, यशभारत। राजधानी के अशोका गार्डन थाना इलाके में एक 19 साल की छात्रा ने ब्लेड से हाथ की नस काट ली। जिस से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्रीन पार्क कॉलोनी निवासी ख्याति जैन (19) बीए की छात्रा थी। ख्याति के माता-पिता का करीब 10 साल पहले तलाक हो चुका था, जिसके बाद से वह अपनी मां के साथ रह रही थी। सोमवार को उसकी मां किसी काम से घर से बाहर गई हुई थी। घर में अकेले होने के दौरान ख्याति ने धारदार ब्लेड से अपने हाथ की नस काट ली। खून अधिक बह जाने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जब मां घर लौटी, तो बेटी को लहूलुहान हालत में देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।
मोबाइल खंगाल रही है पुलिस
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए हमीदिया अस्पताल भेजा। तलाशी के दौरान पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। हालांकि, पुलिस ने छात्रा का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है। कॉल डिटेल्स और चैट के जरिए यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि क्या वह किसी मानसिक तनाव या निजी समस्या से जूझ रही थी।







