पश्चिम बंगाल से आकर शहर में खपा रहा था नकली नोट, अंतर्राज्यीय आरोपी गिरफ्तार

पश्चिम बंगाल से आकर शहर में खपा रहा था नकली नोट, अंतर्राज्यीय आरोपी गिरफ्तार
भोपाल, यशभारत। राजधानी के कोहेफिजा थाना पुलिस ने एक शातिर जालसाज को गिरफ्तार किया है, जो पश्चिम बंगाल से जाली नोट लाकर भोपाल के बाजारों में चलाने की फिराक में था। आरोपी के पास से 1 लाख 40 हजार रुपये के नकली नोट बरामद किए गए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि सेफिया मस्जिद के पास एक संदिग्ध व्यक्ति खड़ा है, जो बातचीत में बाहरी लग रहा है और उसके पास भारी मात्रा में कैश है। वह 500-500 के नोटों को कम दाम पर देने का लालच दे रहा है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुची पुलिस ने घेराबंदी कर सैफुल इस्लाम (25 वर्ष), निवासी अरेरा कॉलोनी (मूल निवासी पश्चिम बंगाल) को दबोच लिया। जब उसके बैग की तलाशी ली गई, तो पुलिस के होश उड़ गए। बैग के अंदर 500-500 की अलग-अलग सीरीज के कुल 280 नकली नोट मिले। इसके अलावा उसके पास से एक एप्पल आईफोन और एक एंड्रॉइड फोन भी जब्त किया गया।
पकड़े जाने के डर से विदेशी नंबर का इस्तेमाल
आरोपी बेहद शातिर है। पूछताछ में खुलासा हुआ कि वह पुलिस ट्रैकिंग और कॉल रिकॉर्डिंग से बचने के लिए आईफोन में यूके (+44 सीरीज) के अंतरराष्ट्रीय नंबर से व्हाट्सएप चलाता था। आरोपी ने बताया कि वह जून 2024 से भोपाल आ-जा रहा था और शादी के बाद यहीं बस गया। अपनी महंगी जीवनशैली के शौक पूरे करने के लिए वह पश्चिम बंगाल से जाली नोट लाकर भोपाल में खपाने का धंधा कर रहा था।
बड़े सिंडिकेट के खुलासे की उम्मीद
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर 7 दिन की पुलिस रिमांड (PR) पर लिया है। आरोपी के मोबाइल से कई संदिग्ध बैंक ट्रांजेक्शन मिले हैं। पुलिस को अंदेशा है कि यह आरोपी देशव्यापी नकली नोट सप्लाई करने वाले किसी बड़े गिरोह या सिंडिकेट का हिस्सा हो सकता है। रिमांड के दौरान पूछताछ में कई बड़े खुलासे होने की संभावना है।







