पानी में जिंदगी की खोज, 13 मौतों पर खत्म हुआ अभियान
बरगी डैम क्रूज हादसाः रविवार को दो शव और मिले, मृतकों की संख्या 13 पहुंची

जबलपुर, यशभारत। बरगी डैम में हुए दर्दनाक क्रूज हादसे में रविवार को लापता दो लोगो के शव बरामद होने के साथ ही मृतकों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है। एनडीआरएफ और एसडीआरएफकी टीमों ने सुबह करीब 6 बजे 9 वर्षीय मयूरन का शव घटनास्थल से कुछ दूरी पर बरामद किया। इसके बाद सुबह लगभग 10 बजे लापता कामराज आर. का शव भी पानी से बाहर निकाला गया। जानकारी के अनुसार, तमिलनाडु के त्रिची निवासी मयूरन जबलपुर अपने रिश्तेदारों के यहां आया हुआ था और परिवार के साथ घूमने बरगी डैम पहुंचा था, जहां वह हादसे का शिकार हो गया। मयूरन का शव मिलने के बाद राहत टीमों ने दूसरे लापता बच्चे की तलाश तेज कर दी,
जिसके बाद कामराज का शव भी मिल गया। इससे पहले शनिवार शाम को भी दो बच्चों-श्रीतमिल (5) और विराज (5) के शव बरामद किए गए थे। उल्लेखनीय है कि 30 अप्रैल की शाम करीब 5 बजे पर्यटकों से भरा क्रूज बरगी डैम में डूब गया था, जिसके बाद से लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा था।







