कोलार में सरेराह चाकूबाजी, घायल युवक ने अस्पताल में तोड़ा दम

कोलार में सरेराह चाकूबाजी, घायल युवक ने अस्पताल में तोड़ा दम
भोपाल, यशभारत। राजधानी के कोलार इलाके में शुक्रवार रात बदमाशों ने सरेराह गुंडागर्दी का खौफनाक मंजर पेश किया। इलाके में आतंक फैलाने वाले बदमाशों का विरोध करना 20 वर्षीय निखिल सितोले को भारी पड़ गया। सर्वधर्म दामखेड़ा निवासी निखिल पर पुरानी रंजिश के चलते पांच बदमाशों ने चाकू और छुरियों से तब तक वार किए, जब तक वह अधमरा होकर गिर नहीं गया। गंभीर रूप से घायल युवक ने शनिवार तड़के अस्पताल में दम तोड़ दिया।
दोस्ती छोड़ी तो बन गए जान के दुश्मन
मृतक निखिल और आरोपी पहले दोस्त थे, लेकिन आरोपियों की गलत आदतों और मोहल्ले में आए दिन महिलाओं से छेड़छाड़ व तोड़फोड़ के कारण निखिल ने उनसे दूरी बना ली थी। वह न केवल उनकी हरकतों का विरोध करता था, बल्कि पुलिस में शिकायत करने की चेतावनी भी देता था। इसी बात से नाराज होकर धनु, गोविंद, आशीष, जुगल और गन्नू ने निखिल को रास्ते से हटाने की साजिश रची।
इतनी बर्बरता की कांप उठी रूह
परिजनों ने बताया कि हमला इतना वीभत्स था कि पेट में गहरे घाव होने के कारण निखिल की आंतें बाहर आ गई थीं। आनन-फानन में पिता और अन्य लोगों ने शर्ट से पेट बांधकर उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन अत्यधिक खून बह जाने के कारण उसे बचाया नहीं जा सका।
मृतक के पिता सतीश सितोले ने बताया कि वे औरतों को छेड़ते हैं, गाड़ियां फोड़ते हैं। मेरा बेटा काम करने वाला था, वह बस उनका विरोध करता था। पुलिस ने पहले भी उनका जुलूस निकाला, पर उन्हें कानून का डर नहीं है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी पुराने अपराधी हैं और हाल ही में ‘हत्या के प्रयास’ के एक मामले में जेल से छूटकर आए थे। टीआई संजय सोनी ने बताया कि मुख्य आरोपी धनु को हिरासत में ले लिया गया है, जबकि अन्य चार की तलाश में दबिश दी जा रही है। पुलिस ने मामले में हत्या की धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।







