स्वच्छ सर्वेक्षण से पहले निगम ने कसी कमर, वार्ड स्तर पर बढ़ाई निगरानी
निगमायुक्त ने समीक्षा में दिए सख्त निर्देश, सफाई व्यवस्था और शिकायत निवारण पर फोकस

स्वच्छ सर्वेक्षण से पहले निगम ने कसी कमर, वार्ड स्तर पर बढ़ाई निगरानी
निगमायुक्त ने समीक्षा में दिए सख्त निर्देश, सफाई व्यवस्था और शिकायत निवारण पर फोकस

कटनी, यशभारत
स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 को देखते हुए नगर निगम प्रशासन ने अब जमीनी स्तर पर तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में निगमायुक्त तपस्या परिहार ने शुक्रवार को समीक्षा बैठक लेकर शहर की सफाई व्यवस्था और चल रहे कार्यों की बारीकी से समीक्षा की।
बैठक में निगमायुक्त ने वार्डवार नियुक्त नोडल अधिकारियों और वार्ड दरोगाओं से सीधे फीडबैक लिया और प्रत्येक क्षेत्र की वास्तविक स्थिति जानी। उन्होंने साफ निर्देश दिए कि स्वच्छता से जुड़े सभी कार्य निर्धारित मापदंडों के अनुसार ही किए जाएं और किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो।
निगमायुक्त ने कंट्रोल रूम में आने वाली शिकायतों के त्वरित निराकरण पर विशेष जोर देते हुए निर्देशित किया कि अधिकतम दो दिनों के भीतर सभी शिकायतों का समाधान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही वार्ड स्तर पर रोजाना एक गली का निरीक्षण करने और सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कचरा पृथक्करण को बढ़ावा देने के लिए घर-घर संपर्क अभियान चलाने, बाजार क्षेत्रों में रात्रिकालीन कचरा संग्रहण व्यवस्था जारी रखने और सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों पर जुर्माना लगाने के निर्देश भी दिए।
बैठक में कार्यपालन यंत्री सुधीर मिश्रा, असित खरे, राजस्व अधिकारी जागेश्वर पाठक, स्वच्छ भारत मिशन के नोडल अधिकारी आदेश जैन, स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, सेनेटरी इंस्पेक्टर एवं वार्ड दरोगा उपस्थित रहे।
नगर निगम प्रशासन का कहना है कि शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के लिए निगरानी और कार्यवाही दोनों स्तरों पर प्रयास लगातार जारी रहेंगे।







