ट्रक की टक्कर से बाइक सवार मजदूर की मौत, भांजा गंभीर रूप से घायल

ट्रक की टक्कर से बाइक सवार मजदूर की मौत, भांजा गंभीर रूप से घायल
भोपाल, यशभारत। राजधानी के कटरा हिल्स थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर 11 मील की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में बाइक पर पीछे बैठे व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा उसका भांजा गंभीर रूप से घायल है, जिसका इलाज अस्पताल में जारी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान गेंदा लाल निवासी निवासी जिला विदिशा दान मास के रूप में हुई है। गेंदा लाल पेशे से मजदूर थे और बुधवार दोपहर करीब 12 बजे अपने भांजे भारत के साथ बाइक से बंगरारिया से अपने गांव मुरवास की ओर जा रहे थे। बाइक भारत चला रहा था। जैसे ही वे कटरा हिल्स क्षेत्र में पहुंचे, सामने से आ रहे ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गेंदा लाल की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, भारत को गंभीर अवस्था में अस्पताल पहुंचाया गया है, जहाँ उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
परिवार में पसरा सन्नाटा
मृतक गेंदा लाल के परिवार में उनके बेटे राजू आदिवासी समेत चार भाई और एक बहन हैं। इस अचानक हुई घटना से पूरे गांव और परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की जांच शुरू कर दी है।







