90 लीटर अवैध शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार, स्विफ्ट डिजायर जब्त

90 लीटर अवैध शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार, स्विफ्ट डिजायर जब्त
भोपाल,यशभारत। राजधानी की भोपाल क्राइम ब्रांच की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवधपुरी क्षेत्र से एक चार पहिया वाहन में तस्करी की जा रही 10 पेटी अवैध देशी शराब बरामद की है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर तस्करी में इस्तेमाल की जा रही स्विफ्ट डिजायर कार को भी जब्त कर लिया है।
घेराबंदी कर दबोचा तस्कर
पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि अवधपुरी बायपास के पास एक सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार में भारी मात्रा में अवैध शराब ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच की टीम ने जाल बिछाया। पुलिस ने शासकीय और निजी वाहनों से संदिग्ध कार का पीछा किया और बीएचईएल गोविंदपुरा के गुलाब उद्यान के पास घेराबंदी कर उसे रोक लिया।
वाहन की तलाशी लेने पर पुलिस भी हैरान रह गई। आरोपी ने कार की डिग्गी में 7 पेटी और पिछली सीट पर 3 पेटी देशी मदिरा प्लेन छिपा रखी थी। कुल 10 पेटियों में 500 क्वार्टर (90 लीटर) शराब बरामद हुई, जिसकी बाजार में कीमत लगभग 45 हजार रुपये बताई जा रही है। आरोपी विशाल मेहरा (30), निवासी भानपुर, पेशा ड्राइवर, पुलिस को शराब परिवहन से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज या लाइसेंस नहीं दिखा सका। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।







