जिला अस्पताल के सर्जिकल वार्ड में बिछी थी बिसात, खबर के बाद सिविल सर्जन ने वार्ड इंचार्ज को थमाया नोटिस

कटनी, यशभारत। जिला चिकित्सालय के सर्जिकल वार्ड में अनुशासनहीनता का गंभीर मामला सामने आया है। विगत 5 अप्रैल को सर्जिकल वार्ड में भर्ती मरीजों द्वारा अस्पताल परिसर के भीतर ही खुलेआम जुआ खेलने की घटना उजागर होने पर अस्पताल प्रबंधन ने सख्त रुख अपनाया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए सिविल सर्जन डॉ यशवंत वर्मा ने संबंधित वार्ड इंचार्ज, सर्जिकल वार्ड को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। नोटिस में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि इस प्रकार की अवैध गतिविधि न केवल अस्पताल के नियमों और आचार संहिता का उल्लंघन है, बल्कि यह वार्ड प्रबंधन और निगरानी में बड़ी लापरवाही को भी दर्शाता है। नोटिस में यह भी कहा गया है कि इस तरह की घटनाएं अस्पताल की गरिमा को ठेस पहुंचाती हैं और अन्य मरीजों की सुरक्षा, शांति तथा उपचार व्यवस्था को प्रभावित करती हैं। नोटिस में वार्ड इंचार्ज से पूछा गया है कि उनकी निगरानी में यह गतिविधि कैसे संचालित होती रही और इसे रोकने के लिए क्या कदम उठाए गए, साथ ही निर्देशित किया गया है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस एवं प्रभावी उपाय सुनिश्चित किए जाएं। वार्ड इंचार्ज को 3 दिवस के भीतर लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं करने की स्थिति में उनके विरुद्ध एकपक्षीय अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।







