शहडोल। जिले के सोहागपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हरदी से एक हृदयविदारक घटना प्रकाश में आई है। जहां तालाब में डूबने से दूसरी कक्षा के एक छात्र की मौत हो गई। घटना के संबंध में मिली जानकारी अनुसार, बीते सोमवार को उक्त छात्र अपने दोस्तों के साथ तालाब में नहाने गया था। जहां पानी गहरा होने के कारण वह दुर्घटना का शिकार हो गया और डूब जाने से उसकी मौत हो गई। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। जिसके बाद मंगलवार की सुबह एसडीआरएफ की मदद से बच्चे का शव बाहर निकाला गया। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।
पुलिस ने बताया कि, 7 वर्षीय बालक सीताराम उर्फ कपिल बैगा पिता मेलाराम बैगा अपने घर के पास से खेलते-खेलते, अपने दो साथियों के साथ घर के पास स्थित बेलहा तालाब में दोपहर को नहाने गया। इस दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा, तो साथियों ने उसे बचाने की कोशिश की। लेकिन, उन्हें सफलता न मिली और कपिल पानी में डूब गया। साथियों ने गांव में जाकर इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना मिली। पुलिस मौके पर पहुंची और एसडीआरएफ टीम को बुलाया गया।
सोमवार शाम तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। लेकिन, तालाब की अधिक गहराई और अंधेरा होने के कारण टीम को सफलता नहीं मिल सकी। जिसके बाद मंगलवार सुबह फिर से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। एसडीआरएफ के 7 सदस्यीय दल ने काफी मशक्कत के बाद बालक के शव को तालाब से बाहर निकाला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले में मर्ग कायम कर विवेचना में लिया है।
Back to top button