ग्रहण प्रभाव के बीच राजधानी में 1400 से ज्यादा स्थानों पर होगा होलिका दहन

ग्रहण प्रभाव के बीच राजधानी में 1400 से ज्यादा स्थानों पर होगा होलिका दहन
यश भारत, भोपाल। राजधानी में रंगों के पर्व होली को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। नगर निगम और जिला प्रशासन ने करीब 1400 से अधिक स्थानों पर होलिका दहन की अनुमति दी है। विभिन्न वार्डों में साफ-सफाई, सुरक्षा और यातायात प्रबंधन को लेकर व्यवस्थाएं अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। निगम अमला संभावित स्थलों का निरीक्षण कर रहा है, ताकि आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
शहर के पुराने मोहल्लों और प्रमुख चौराहों पर परंपरा के अनुसार सामूहिक होलिका दहन की तैयारियां की जा रही हैं। कई स्थानों पर पंडितों द्वारा निर्धारित शुभ मुहूर्त में अग्नि प्रज्वलन होगा, जबकि कुछ बड़े आयोजन स्थलों पर देर रात विशेष समय में पूजा-अर्चना के बाद होलिका दहन किया जाएगा।
इस वर्ष तिथि और ग्रहण के संयोग को लेकर श्रद्धालुओं में चर्चा बनी हुई है। ज्योतिषाचार्यों के अनुसार 3 मार्च की देर रात पूर्णिमा तिथि समाप्त होकर प्रतिपदा आरंभ हो जाएगी। इसी दिन ग्रहण का सूतक भी प्रभावी रहेगा, जिसे शास्त्रों में अशुभ काल माना गया है। मान्यता है कि ग्रहणकाल में किए गए मांगलिक कार्य शुभ फल नहीं देते, इसलिए कई समितियां सूतक लगने से पूर्व ही होलिका दहन संपन्न कराने की तैयारी में हैं। प्रशासन ने आयोजकों को निर्देश दिए हैं कि वे सुरक्षा मानकों का पालन करें और ज्वलनशील सामग्री का सीमित उपयोग करें। फायर ब्रिगेड की टीमें भी संवेदनशील स्थानों पर तैनात रहेंगी। पुलिस विभाग ने असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए अतिरिक्त बल की तैनाती की योजना बनाई है।







