कटनीमध्य प्रदेश

साइबर अपराधों पर नियंत्रण के लिए कवायद, जागरूकता बढ़ाने एवं सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने पर मंथन

कटनी, यशभारत। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष डेहरिया के मार्गदर्शन में बुधवार को कंट्रोल रूम सभागार में जिले के समस्त सार्वजनिक एवं निजी बैंकों के प्रबंधकों, अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य बढ़ते साइबर अपराधों की रोकथाम, साइबर जागरूकता को बढ़ावा देना तथा बैंक एवं एटीएम की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत करना है। बैठक के दौरान एसपी ने साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण हेतु पुलिस और बैंकों के बीच मजबूत एवं सतत समन्वय की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने साइबर अपराध, बैंकिंग धोखाधड़ी, ऑनलाइन फ्रॉड संदिग्ध लेनदेन, एटीएम एवं बैंक शाखाओं की सुरक्षा व्यवस्था जैसे अहम विषयों पर विस्तार से चर्चा की। एसपी ने निर्देशित किया कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि अथवा साइबर फ्रॉड की सूचना तत्काल पुलिस को दी जाएए जिससे समय रहते प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। साथ ही बैंकों से अपेक्षा की गई कि वे ग्राहकों को साइबर अपराधों से बचाव हेतु निरंतर जागरूक करें तथा सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराएं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में साइबर अपराधों में लगातार वृद्धि हो रही है, जिसका सीधा प्रभाव आम नागरिकों की मेहनत की कमाई पर पड़ता है। ऐसे अपराधों की रोकथाम के लिए पुलिस और बैंकों के बीच सशक्त समन्वय अत्यंत आवश्यक है। जिला पुलिस जनधन की सुरक्षा एवं साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए हर संभव कदम उठा रही है और भविष्य में भी बैंकों के साथ निरंतर समन्वय बनाकर कार्य किया जाएगा। बैठक में एसपी द्वारा सभी बैंक कर्मचारियों से अपील की गई कि साइबर अपराधों से निपटने में पुलिस को पूर्ण सहयोग प्रदान करें। उन्होंने बैंक शाखाओं की सुरक्षा व्यवस्थाए सीसीटीवी कैमरों की स्थापना, सक्रियता तथा जिले में घटित साइबर अपराधों पर हुई प्रगति की समीक्षा की।
बैंक अधिकारी सटीक जानकारी उपलब्ध कराएं
उन्होंने कहा कि जब भी थानों एवं सायबर सेल द्वारा सूचना मांगी जाए, तो बैंक अधिकारी शीघ्र एवं सटीक जानकारी उपलब्ध कराएं, जिससे जालसाजों का विवरण समय पर एकत्र कर बरामदगी और कार्रवाई को आसान बनाया जा सके। बैठक के अंत में पुलिस एवं बैंक अधिकारियों के बीच आपसी समन्वय को और अधिक मजबूत बनाए रखने पर सहमति व्यक्त की गई। इस अवसर पर बैंक एवं एटीएम सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं पर भी विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में जिले के विभिन्न बैंकों के अधिकारी, पुलिस साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक अनूप सिंह सहित साइबर सेल के पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button