छात्र ही संभालेंगे देश की बागडोर, खुद को कौशल और ज्ञान से निखारें: मुख्यमंत्री डॉ. यादव

छात्र ही संभालेंगे देश की बागडोर, खुद को कौशल और ज्ञान से निखारें: मुख्यमंत्री डॉ. यादव
भोपाल, यश भारत। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को भोपाल के शासकीय सुभाष उच्चतर माध्यमिक उत्कृष्ट विद्यालय में आयोजित परीक्षा पर संवाद 2026 कार्यक्रम को संबोधित किया। बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज के छात्र ही भारत का भविष्य हैं और आने वाले समय में देश की बागडोर इन्हीं के हाथों में होगी।
कौशल और ज्ञान पर दिया जोर
विद्यार्थियों को सफलता का मंत्र देते हुए डॉ. यादव ने कहा कि परीक्षा केवल अंकों का खेल नहीं है, बल्कि यह खुद को तराशने का एक अवसर है। उन्होंने छात्रों से आग्रह किया कि वे कौशल (Skill), ज्ञान (Knowledge) और प्रदर्शन (Performance) में निरंतर सुधार करें। मुख्यमंत्री ने कहा, प्रतिस्पर्धा के इस दौर में खुद को निखारना अनिवार्य है, ताकि आप न केवल परीक्षा में बल्कि जीवन की हर चुनौती में सफल हो सकें।
परीक्षा के तनाव को दूर करने की सलाह
संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने छात्रों से सीधा संवाद किया और परीक्षा के दौरान होने वाले मानसिक तनाव को दूर करने के टिप्स साझा किए। उन्होंने शिक्षकों और अभिभावकों से भी अपील की कि वे बच्चों पर अंकों का अनावश्यक दबाव न बनाएं और उन्हें उनकी रुचि के अनुसार आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करें।







