लाल परेड मैदान पर गणतंत्र दिवस की फुल ड्रेस रिहर्सल, IPS आयुष जाखड़ ने किया परेड का नेतृत्व

लाल परेड मैदान पर गणतंत्र दिवस की फुल ड्रेस रिहर्सल, IPS आयुष जाखड़ ने किया परेड का नेतृत्व
26 जनवरी को राज्यपाल मंगूभाई पटेल करेंगे ध्वजारोहण
23 टुकड़ियां और 22 विभागों की झांकियां बढ़ाएंगी समारोह की शोभा
भोपाल, यशभारत। मध्यप्रदेश की राजधानी में 77वें गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। शनिवार को लाल परेड मैदान पर आयोजित फुल ड्रेस फाइनल रिहर्सल में गणतंत्र दिवस के भव्य स्वरूप की झलक देखने को मिली। पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा ने परेड और व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।
महिला नेतृत्व और शौर्य का प्रदर्शन
समारोह की संयुक्त परेड का नेतृत्व IPS अधिकारी आयुष जाखड़ ने किया, जबकि परेड टू-आई-सी का महत्वपूर्ण दायित्व रतलाम की एसडीओपी नीलम बघेल ने संभाला। रिहर्सल के दौरान सातवीं बटालियन के प्रधान आरक्षक राजमणि सिंह बघेल ने प्रतीक स्वरूप मुख्य अतिथि की भूमिका निभाई। पुलिस बैंड की जन गण मन की धुन और हर्ष फायर के बीच परेड ने मुख्य अतिथि को सलामी दी।
बिहार पुलिस और अश्वारोही दल सहित 23 टुकड़ियां
इस बार की परेड में बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस की 1-गोरखा बटालियन विशेष आकर्षण रही। इनके साथ ही हॉकफोर्स, सीआरपीएफ, आईटीबीपी, सीआईएसएफ, जेल विभाग, होमगार्ड और एनसीसी सहित कुल 23 टुकड़ियों ने कदमताल किया। श्वान दल और अश्वारोही दल ने भी अपने अनुशासन का परिचय दिया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में दिखेगी वीर बेटियों की गाथा
परेड के बाद विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों का अभ्यास किया। सागर पब्लिक स्कूल के 150 विद्यार्थियों ने एक भारत, श्रेष्ठ भारत की थीम पर नृत्य किया। पांच सरकारी स्कूलों के 160 बच्चों ने वीर-बेटियों की गाथा पर आधारित भावुक प्रस्तुति दी। प्रदेश की माटी की खुशबू बिखेरते हुए बधाई, गणगौर और मटकी जैसे लोकनृत्यों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
22 विभागों की झांकियां देंगी विकास का संदेश
गणतंत्र दिवस परेड में इस वर्ष 22 सरकारी विभागों की झांकियां शामिल होंगी। इनमें उद्यानिकी, आयुष, जनजातीय कार्य, महिला एवं बाल विकास और वन विभाग सहित अन्य प्रमुख विभाग अपनी उपलब्धियों और योजनाओं का प्रदर्शन करेंगे।
रिहर्सल के दौरान एडीजी (एसएएफ) चंचल शेखर और भोपाल पुलिस कमिश्नर हरिनारायणचारी मिश्र सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। मुख्य समारोह 26 जनवरी को सुबह 9 बजे से शुरू होगा।







