किराना दुकान की आड़ में बिक रहा था कातिल मांझा, पुलिस ने दी दबिश

किराना दुकान की आड़ में बिक रहा था कातिल मांझा, पुलिस ने दी दबिश
5200 मीटर प्रतिबंधित चाइनीज मांझा जब्त, आरोपी दुकानदार गिरफ्तार
भोपाल, यशभारत। राजधानी में मकर संक्रांति से पहले पुलिस ने प्रतिबंधित चाइनीज मांझे के कारोबारियों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। सोमवार को अयोध्या नगर थाना पुलिस ने मीनाल मॉल स्थित एक किराना दुकान पर छापेमारी कर भारी मात्रा में जानलेवा चाइनीज मांझा बरामद किया। आरोपी किराने के सामान की आड़ में गुपचुप तरीके से यह मांझा बेच रहा था।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मीनाल मॉल स्थित एक दुकान में अवैध रूप से चाइनीज मांझे का भंडारण और विक्रय किया जा रहा है। सूचना की तस्दीक के लिए जब पुलिस टीम राहगीर गवाहों के साथ पहुंची, तो आरोपी अजय यादव (53), निवासी दुर्गेश विहार दुकान के बाहर कार्टन में पतंगों के साथ मांझा बेचते हुए मिला। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में स्टॉक बरामद किया है। इसमें करीब 5200 मीटर लंबाई का मांझा जब्त किया गया है, जिसकी बाजार में कीमत लगभग 30,000 रुपये है। जब्त सामग्री में एक बड़ा रोलर, चार मध्यम चकरी और 11 अलग-अलग पैकेट शामिल हैं।
डीसीपी विवेक सिंह ने बताया कि पुलिस आयुक्त के आदेश क्रमांक 48/25 के तहत शहर में चाइनीज मांझे की बिक्री और उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध है। आरोपी द्वारा इस आदेश का उल्लंघन करने पर उसके विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 223 (के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।







