भोपाल रेलवे स्टेशन पर सो रहे यात्रियों को लूटने वाले दो शातिर चोर गिरफ्तार, डेढ़ लाख का माल बरामद

भोपाल रेलवे स्टेशन पर सो रहे यात्रियों को लूटने वाले दो शातिर चोर गिरफ्तार, डेढ़ लाख का माल बरामद
सीसीटीवी फुटेज की मदद से पकड़े गए पुराने अपराधी; सोने-चांदी के जेवरात और मोबाइल जब्त
भोपाल, यशभारत। भोपाल रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के सामान पर हाथ साफ करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए जीआरपी ने दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के पास से पुलिस ने करीब डेढ़ लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात, महंगे मोबाइल फोन और अन्य कीमती सामान बरामद किया है।
शिकायत के बाद हरकत में आई पुलिस
मामले का खुलासा करते हुए जीआरपी थाना प्रभारी जहीर खान ने बताया कि सिवान (बिहार) निवासी श्रीकांत कुमार ने बीते 14 दिसंबर को चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। फरियादी ने बताया था कि 13 दिसंबर की रात वह स्टेशन परिसर में सो रहे थे, तभी अज्ञात चोरों ने उनका बैग पार कर दिया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल दो विशेष टीमों का गठन किया। जांच टीम ने स्टेशन परिसर में लगे दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने संदिग्ध समीर खान और अमन खान को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी आदतन अपराधी हैं और उनके खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
जहीर खान ने आगे बताया कि जीआरपी ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया पूरा माल जब्त कर लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इन आरोपियों ने पिछले कुछ दिनों में और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है। साथ ही, इनके किसी बड़े गिरोह से जुड़े होने की भी जांच की जा रही है।







