भोपालमध्य प्रदेश

डिलीवरी एजेंट से मारपीट करने वाले 3 बदमाश गिरफ्तार

डिलीवरी एजेंट से मारपीट करने वाले 3 बदमाश गिरफ्तार

भोपाल, यशभारत। राजधानी के थाना अयोध्यानगर पुलिस ने सरेराह गुंडागर्दी और दहशत फैलाने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इन बदमाशों ने रात में एक इंस्टामार्ट डिलीवरी एजेंट को रोककर अड़ीबाजी की और पैसे न देने पर उसके साथ बेल्ट और मुक्कों से बेरहमी से मारपीट की थी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी शहर से फरार हो गए थे, लेकिन भोपाल वापस आते ही पुलिस ने उन्हें धर दबोचा।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पीड़ित कपिल राजपूत, जो एक इंस्टामार्ट कंपनी में काम करता है, 3 अक्टूबर को काम खत्म कर अपने घर जा रहा था। रास्ते में उसे तीन आरोपी मिले, जिन्होंने उससे जबरन पैसे मांगने की कोशिश की। जब कपिल राजपूत ने पैसे देने से इनकार कर दिया, तो आरोपियों ने सरेराह उसके साथ मारपीट की। इस मामले में थाना अयोध्यानगर में मामला दर्ज किया गया था। घटना के तुरंत बाद आरोपी भोपाल से फरार हो गए थे। पुलिस लगातार उनकी तलाश कर रही थी। मुखबिरों से मिली सूचना के आधार पर, पुलिस टीम ने आरोपियों को भानपुर कलारी के पास से घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।
थाना प्रभारी महेश लिल्हारे ने बताया कि इंस्टामार्ट कंपनी के डिलीवरी एजेंट से बीते दिनों मारपीट कर अडीबाजी करने वाले तीन बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जिनके नाम शुभम मालवीय उम्र 24 वर्ष, राजकुमार नेवारे उर्फ राज उम्र 21 वर्ष , राजेश पटेल उम्र 23 वर्ष है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक होंडा हॉर्नेट 125 बाइक (कीमत लगभग 1,50,000/-) भी जब्त की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button