गीता जयंती और विश्व एड्स दिवस पर केंद्रीय जेल में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन
375 से अधिक बंदियों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण

जबलपुर,यशभारत। नेताजी सुभाष चंद्र बोस केंद्रीय जेल में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण दवारा गीता जयंती और विश्व एड्स दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। इस शिविर में बंदियों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं और एड्स के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में न्यायाधीश विवेक रूसिया,प्रधान न्यायाधीश सत्र न्यायाधीश उपस्थित रहे। इस दौरान, 375 से अधिक बंदियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जिसमें महिलाएं भी शामिल थीं। शिविर में स्त्री रोग, दंत चिकित्सा, हृदय रोग, हड्डी रोग, नेत्र परीक्षण और फिजियोथेरेपी जैसी विभिन्न प्रकार की चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध रही।
गीता दिवस पर बंदियों द्वारा गीता का वाचन किया गया। वही इस्कॉन मंदिर समिति द्वारा जेल में उपस्थित होकर बंदियों को इसका महत्व बताया गया। जेलर मदन कमलेश ने बताया कि एक वर्ष से बंदियों द्वारा प्रति गुरुवार को गीता का वाचन किया जा रहा है जिससे बंदियों के आचरण में सुधार हो रहा है
जागरूकता कार्यक्रम
विश्व एड्स दिवस पखवाड़े के तहत, बंदियों को एचआईवी/एड्स के लक्षण, बचाव के तरीके और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। भारतीय कला संगम के कलाकारों द्वारा नुक्कड़ नाटक के माध्यम से भी जागरूकता फैलाई गई। इस पहल का उद्देश्य बंदियों के स्वास्थ्य की नियमित जांच सुनिश्चित करना और उन्हें आवश्यक उपचार और कानूनी सहायता प्रदान करना था, ताकि वे स्वस्थ रहें और जेल से रिहा होने के बाद समाज की मुख्यधारा में शामिल हो सकें।







