भोपालमध्य प्रदेश

साइबर ठगों की धमकी के बाद वरिष्ठ एडवोकेट ने फांसी लगा कर की आत्महत्या

साइबर ठगों की धमकी के बाद वरिष्ठ एडवोकेट ने फांसी लगा कर की आत्महत्या
सुसाइड नोट में दिल्ली ब्लास्ट में नाम आने का जिक्र
भोपाल, यशभारत। राजधानी के जहांगीराबाद इलाके में साइबर ठगों की धमकी से परेशान एक वरिष्ठ अधिवक्ता ने सोमवार को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। 68 वर्षीय मृतक के पास से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसमें खुलासा हुआ है कि उन्हें किसी अज्ञात कॉलर द्वारा दिल्ली में हुई आतंकी साजिश में नाम आने और जल्द गिरफ्तारी की धमकी दी जा रही थी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बरखेड़ी इलाके में रहने वाले 68 वर्षीय वरिष्ठ एडवोकेट शिवकुमार शर्मा ने मंगलवार रात करीब 7:30 बजे अपने घर में फांसी लगा ली। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जाँच शुरू की।
सुसाइड नोट ने खोली ठगी की साजिश
पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें मृतक शर्मा ने गंभीर खुलासा किया है। नोट के अनुसार, हाल ही में उनके पास किसी अज्ञात व्यक्ति का कॉल आया था। कॉलर ने उन्हें बताया कि उनका नाम दिल्ली के लाल किले के पास हुए बम धमाके की साजिश में शामिल है।
तुम्हारा नाम हाल ही में दिल्ली में लाल किले के पास हुए बम धमाके में आया है। जानकारी सामने आई है कि आतंकी साजिश में तुम्हारे बैंक खाते से फंडिंग की गई। अब जल्द ही तुम्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस धमकी भरे कॉल के बाद से अधिवक्ता लगातार तनाव में थे। पुलिस का शुरुआती अनुमान है कि यह साइबर ब्लैकमेलिंग या ठगी का मामला है, जिसमें डराकर पैसे ऐंठने की कोशिश की गई थी, लेकिन डर और बदनामी के भय से अधिवक्ता ने यह चरम कदम उठा लिया।
पुलिस ने शुरू की जाँच
वरिष्ठ एडवोकेट के शव का बुधवार को पोस्टमॉर्टम कराया गया है। जहांगीराबाद पुलिस ने मर्ग कायम कर साइबर ठगी और ब्लैकमेलिंग के इस मामले की गहन जाँच शुरू कर दी है। पुलिस अज्ञात कॉलर का पता लगाने के लिए कॉल डिटेल और तकनीकी साक्ष्यों को खंगाल रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button