आपसी रंजिश के चलते फायरिंग तीन आरोपी गिरफ्तार, देशी पिस्टल
तीन कारतूस, एक कार और मोटरसाइकिल जप्त

जबलपुर यशभारत। थाना भेड़ाघाट क्षेत्र में आपसी रंजिश के चलते हुई फायरिंग की घटना का खुलासा करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों — जितेन्द्र उर्फ जित्तू लोधी, दौलत सिंह ठाकुर उर्फ बंटू, और अजीत उर्फ अज्जू लोधी — को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त देशी पिस्टल, तीन कारतूस, एक कार और एक मोटरसाइकिल जप्त की है।
पुलिस के अनुसार, 23 अक्टूबर 2025 की रात आकाश ढाबा, बिलखरवा में दुर्गेश लोधी पर गोली चलाई गई थी। गोली उसकी पीठ में लगकर पेट से निकल गई। घटना के पीछे पुरानी राजनीतिक और व्यवसायिक रंजिश सामने आई है।
जांच में पता चला कि घायल दुर्गेश की पत्नी रानू पटेल ग्राम घुंसौर की सरपंच हैं। कुछ माह पहले दुर्गेश ने आरोपी अजीत लोधी पर फायरिंग की थी, जिसका मामला न्यायालय में लंबित है। दुर्गेश द्वारा समझौते के दबाव से नाराज होकर तीनों आरोपियों ने बदला लेने की योजना बनाई और घटना को अंजाम दिया।
आरोपियों की निशानदेही पर TVS राइडर मोटरसाइकिल एम पी 20 जेड यू 4366 हुंडई i20 कार एम पी 20 सीडी 3414 और देशी पिस्टल बरामद की गई। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कमलेश चौरिया, उप निरीक्षक राजकुमार तिवारी, सहायक उप निरीक्षक जगदीश चड़ार सहित पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।







